Aapka Rajasthan

कच्छ भूकंप से सूरत बाढ़ तक, माता अमृतानंदमयी के राहत कार्यों की गुजरात के सीएम ने की सराहना

अहमदाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और पुनर्वास कार्यों में माता अमृतानंदमयी (अम्मा) और उनके संगठन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब भी राज्य पर कोई आपदा आई, तो उनके भक्त मदद के लिए हमेशा आगे आए हैं।
 

अहमदाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और पुनर्वास कार्यों में माता अमृतानंदमयी (अम्मा) और उनके संगठन की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि जब भी राज्य पर कोई आपदा आई, तो उनके भक्त मदद के लिए हमेशा आगे आए हैं।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में शनिवार को अम्मा की मौजूदगी में एक 'सत्संग' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि भूकंप के बाद अम्मा के संगठन ने कच्छ में तीन गांवों का पुनर्निर्माण किया। उन्होंने वहां भूकंप-रोधी लगभग 1,200 घर बनाए और स्कूल सहित कई सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

सूरत में आई बाढ़ के दौरान भी, अम्मा ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मेडिकल टीमें और दवाइयां भेजी थीं। राज्य के साथ अम्मा के जुड़ाव को याद करते हुए पटेल ने कहा, "जब भी गुजरात पर कोई आपदा आई है, अम्मा के भक्त उनसे प्रेरित होकर हमेशा सेवा कार्यों में शामिल हुए हैं।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्मा के दर्शन में 'सेवा' का सबसे महत्वपूर्ण स्थान है, जिसे वह आध्यात्मिक साधना का एक रूप मानती हैं। उन्होंने कहा, "अम्मा के लिए सेवा ही आध्यात्मिक मार्ग है, और मानवता की सेवा करना ही ईश्वर की सेवा करना है। वह हर इंसान में ईश्वर का अंश देखती हैं और सभी को अपने बच्चों की तरह मानती हैं।"

सीएम पटेल ने अम्मा के मानवीय कार्यों और केंद्र सरकार के विकास एजेंडे के बीच समानता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अंत्योदय' के विजन और मानवता की सेवा के प्रति अम्मा के समर्पण का लक्ष्य एक ही है भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना।

उन्होंने कहा, "एक विकसित भारत को केवल उसकी अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे या वैश्विक स्तर पर उसकी स्थिति से नहीं मापा जाना चाहिए, बल्कि समाज के सबसे वंचित लोगों के जीवन में आए सुधारों से भी मापा जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।"

उन्होंने आगे बताया कि कल्याणकारी योजनाओं की मदद से 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। पटेल ने 'अम्मा' के प्रति प्रधानमंत्री के सम्मान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अम्मा के कार्यों को भारत के 'मानव-केंद्रित विकास दृष्टिकोण' का प्रतिबिंब बताया है। उन्होंने अम्मा को प्रेम, करुणा, सेवा और त्याग की प्रतिमूर्ति, तथा देश की आध्यात्मिक परंपराओं की संवाहक कहा।

इस कार्यक्रम में 'अमृता गंगा' और 'आयुध' के माध्यम से 'अमृताशक्ति' अभियान की भी शुरुआत की गई। पटेल ने कहा, "यह पहल बिना किसी अपेक्षा या निजी स्वार्थ के निस्वार्थ सेवा की परंपरा को दर्शाती है।"

प्रधानमंत्री के 'नशा-मुक्त समाज' के विजन को साकार करने के प्रयासों के तहत, कार्यक्रम में शामिल लोगों ने नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ शपथ भी ली।

इस अवसर पर सीएम पटेल और अन्य अधिकारियों ने गुजरात में अम्मा द्वारा शुरू की गई 'विधवा सहायता योजना' की महिला लाभार्थियों को साड़ियाँ और पेंशन का लाभ वितरित किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्‍यमंत्री पटेल ने अहमदाबाद के अमृता विद्यालयम में अम्मा से मुलाकात की, उनका आशीर्वाद लिया और राज्य की समृद्धि तथा वहां के लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अम्मा के सेवा कार्यों और अमृता विद्यालयम द्वारा दी जा रही मूल्य-आधारित शिक्षा की भी सराहना की।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी