अहमदाबाद: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया, छात्रों से बातचीत की
अहमदाबाद, 24 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को घुमा गांव की झील के पास सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एएमसी) के स्कूली छात्रों से बातचीत की, जिनकी पेंटिंग 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' के तहत प्रदर्शित की गई थीं।
यह सफाई अभियान 'स्वच्छता ही सेवा' मुहिम के तहत चलाया गया था। मुख्यमंत्री के साथ अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, डिप्टी मेयर अंजू शाह, म्युनिसिपल कमिश्नर बंछानिधि पानी और अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
सीएम पटेल ने अभियान में हिस्सा लेने के बाद सफाई कार्य में लगे सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। बाद में उन्होंने घुमा झील के किनारे स्थित खोडियार माताजी मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। इसके बाद सीएम ने घुमा के एमके पटेल प्राइमरी स्कूल का दौरा किया, जहां एएमसी स्कूलों के छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी आयोजित की गई थी।
उन्होंने छात्रों से बातचीत की और अलग-अलग विषयों पर उनके रचनात्मक कार्यों के लिए उनका हौसला बढ़ाया। यह कार्यक्रम अहमदाबाद में 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' के तहत आयोजित नागरिक और जन-भागीदारी गतिविधियों की एक श्रृंखला का हिस्सा था।
घुमा में सफाई गतिविधि भी व्यापक 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के हिस्से के तौर पर आयोजित की गई थी। यह दौरा ऐसे दिन हुआ जब सीएम भूपेंद्र पटेल ने एक बड़े अभियान के तहत अहमदाबाद में लगभग 583.85 करोड़ रुपए की कुल लागत वाली कई सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की शुरुआत भी की।
इन परियोजनाओं में वडाज जंक्शन पर फोर लेन का फ्लाईओवर (अनुमानित लागत 127.92 करोड़ रुपए) और मकरबा में अहमदाबाद-बोटाद रेलवे लाइन के ऊपर फोन लेन का रेलवे ओवरब्रिज (लागत लगभग 98.60 करोड़ रुपए) शामिल हैं।
अन्य पहलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आवास, आपातकालीन स्थिति में काम आने वाले वाहन और नावें, ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर, पब्लिक ट्रांसपोर्ट चार्जिंग सुविधाएं और साबरमती के पूर्वी किनारे पर एक टूरिज्म टेम्पल सर्किट शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में सिविक अधिकारी, सफाई कर्मचारी और स्कूली छात्र एक साथ आए, और चल रहे अभियान के हिस्से के तौर पर गतिविधियां साफ-सफाई और जन-भागीदारी पर केंद्रित रहीं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
