Aapka Rajasthan

भारत को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने के लिए सरकार ने इंडिगो के साथ किया समझौता, मिलकर चलाएंगे 'इन्क्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो' अभियान

नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने गुरुवार को देश को वैश्विक स्तर पर पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह रणनीतिक साझेदारी गैर-विशिष्ट और गैर-वित्तीय आधार पर की गई है।
 

नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने गुरुवार को देश को वैश्विक स्तर पर पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह रणनीतिक साझेदारी गैर-विशिष्ट और गैर-वित्तीय आधार पर की गई है।

इस समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और इंडिगो के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

समझौते के दौरान गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह साझेदारी पर्यटन मंत्रालय के प्रमुख 'इन्क्रेडिबल इंडिया' ब्रांड और इंडिगो के व्यापक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को एक साथ लाकर भारत के पर्यटन प्रचार को नई मजबूती देगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की साझेदारियां भारत के पर्यटन संदेश को दुनिया के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करेंगी और देश को दुनिया के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में और मजबूत पहचान दिलाएंगी।

समझौते के तहत पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो मिलकर "इन्क्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो" नाम से वैश्विक संचार अभियान चलाएंगे, जिसके माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक स्थल, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वन्यजीव पर्यटन और अन्य विशेष पर्यटन अनुभवों को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।

इस अभियान का प्रचार डिजिटल और प्रिंट मीडिया, एयरपोर्ट ब्रांडिंग, इन-फ्लाइट प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल प्रदर्शनी और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए किया जाएगा।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पर्यटन मंत्रालय इस अभियान के लिए 'इन्क्रेडिबल इंडिया' ब्रांड से जुड़ी प्रचार सामग्री उपलब्ध कराएगा और आवश्यकता के अनुसार संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय भी करेगा।

बयान में आगे कहा गया है, "इंडिगो विभिन्न पर्यटन स्थलों पर केंद्रित कंटेंट तैयार करेगा और अपने ग्राहक संपर्क प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत के पर्यटन संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करेगा। दोनों पक्ष पर्यटन प्रचार अभियानों, विशेष डेस्टिनेशन कैंपेन और आपसी सहमति से तय अन्य गतिविधियों में भी संयुक्त रूप से भाग लेंगे, ताकि देश और विदेश के प्रमुख बाजारों में भारत के पर्यटन आकर्षण को और अधिक बढ़ावा दिया जा सके।"

सरकार के अनुसार, यह समझौता शुरुआती तौर पर दो वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। मंत्रालय का कहना है कि यह साझेदारी भारत की पर्यटन क्षमता को दुनिया के सामने बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने, विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

--आईएएनएस

डीबीपी