Aapka Rajasthan

आंध्र प्रदेश : कोनासीमा जिले में ओएनजीसी के कुएं से गैस लीक होने से मचा हड़कंप

काकीनाडा 17 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में मंगलवार को ओएनजीसी के एक गैस ड्रिलिंग कुएं से भारी मात्रा में गैस का रिसाव हुआ, जिससे आसपास के गांवों के लोगों में दहशत फैल गई।
 

काकीनाडा 17 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में मंगलवार को ओएनजीसी के एक गैस ड्रिलिंग कुएं से भारी मात्रा में गैस का रिसाव हुआ, जिससे आसपास के गांवों के लोगों में दहशत फैल गई।

ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के रिग से गैस का रिसाव ममिदिकुडुरु मंडल के गेद्दाडा गांव के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह 4:30 बजे तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हुआ। इस घटना से स्थानीय निवासियों और नेशनल हाईवे 216 से गुजरने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

खबरों के मुताबिक, गैस आसपास के गांवों में फैल रही थी और स्थानीय लोगों ने तेज गंध की शिकायत की। गैस रिसाव का पता चलने पर आसपास रहने वाले लोग और हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने गेद्दाडा-ममिदिकुडुरु हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।

ओएनजीसी के अधिकारियों और पुलिस को सूचित कर दिया गया और रिसाव को रोकने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया। नरसापुर से एक कंट्रोल टीम स्थिति को संभालने के लिए मौके पर रवाना हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक कहीं आग नहीं लगी है और वेलहेड सुरक्षित है। ओएनजीसी के कर्मचारी गैस को जमीन के स्तर पर फैलने से रोकने के लिए कदम उठा रहे हैं। आग लगने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने रिग के चारों ओर पानी की बौछार का इंतजाम किया।

इस बीच, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गैस रिसाव की घटना को लेकर अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। ओएनजीसी को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और गैस रिसाव को काबू में लाने के लिए विशेष तकनीकी टीमों को तैनात करना चाहिए।

हाल के दिनों में ऐसी घटनाओं के बार-बार होने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने अधिकारियों को तुरंत ओएनजीसी प्रबंधन के साथ बातचीत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने ओएनजीसी के चेयरमैन और संगठन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परामर्श करके सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने गैस कुएं के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को वहां से हटा दिया है।

एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर डीजल जनरेटर और अन्य उपकरणों को बंद करके वहां से हटा दिया गया है। गैस कुएं के रिसाव को पूरी तरह से बंद करने के लिए एक सीमेंटिंग टीम मौके पर पहुंच रही है। ओएनजीसी के अधिकारियों ने बताया है कि अगले 4-5 घंटों के भीतर गैस रिसाव की घटना को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया जाएगा।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम