आंध्र प्रदेश: ओएनजीसी के कुएं से हो रहे गैस रिसाव को काबू में लाया गया
काकीनाडा (आंध्र प्रदेश), 17 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनासीमा जिले में ऑयल एंड नेचुरल गैस कमीशन (ओएनजीसी) के कुएं से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है। यह गैस रिसाव मंगलवार सुबह तादिमेराका री-ड्रिलिंग साइट पर हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि ऑयल एंड नेचुरल गैस कमीशन (ओएनजीसी) में गैस रिसाव को शाम तक नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आम जनता को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
इससे पहले, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गैस रिसाव के संबंध में अधिकारियों से खुद बात की।
उन्होंने निर्देश दिया कि जब तक रिसाव पूरी तरह नियंत्रित न हो जाए, तब तक 'रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी' (आरटीजीएस) के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सरकारी तंत्र ने जिला अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति को बिना किसी परेशानी के संभालने के लिए सक्रिय कदम उठाए।
पूरी प्रक्रिया के दौरान अधिकारी मुख्यमंत्री को स्थिति के बारे में लगातार अपडेट देते रहे।
ओएनजीसी ने पहले बताया था कि कोनासीमा जिले में एक कुएं पर काम (वर्कओवर ऑपरेशन) के दौरान गैस रिसाव हुआ, जिसके बाद कुएं को नियंत्रित करने का काम शुरू किया गया।
आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तुरंत तैनात किया गया और 'आपदा प्रबंधन योजना' लागू कर दी गई।
एहतियाती उपायों के तहत 500 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया, कुएं के चारों ओर पानी की बौछार (वाटर ब्लैंकेट) की गई और आसपास के इलाके में गैस की मात्रा की लगातार निगरानी की गई। ओएनजीसी ने कहा कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करना है।
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी 'ब्लोआउट' (गैस के अनियंत्रित रिसाव) की घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिला कलेक्टर से घटना की गंभीरता और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के बारे में विवरण मांगा।
कलेक्टर ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि रिसाव वाली जगह के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों को नागाराम स्थित पुनर्वास केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर पास के राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी।
हाल के दिनों में गैस रिसाव की ऐसी घटनाओं को देखते हुए पवन कल्याण ने निर्देश दिया है कि ओएनजीसी के चेयरमैन और वरिष्ठ अधिकारियों से बात करके तुरंत सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा गया है कि गैस रिसाव से प्रभावित इलाकों के लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
