Aapka Rajasthan

गडकरी ने सुवेंदु अधिकारी के साथ चखा झालमुड़ी का स्वाद, हाईवे कार्यक्रम के बीच दिखा हल्का-फुल्का अंदाज

मेदिनीपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कोलाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ झालमुड़ी का स्वाद चखा। राज्य में बड़े सड़क परियोजनाओं की घोषणा के बीच इस अनौपचारिक पल ने कार्यक्रम में स्थानीय रंग भर दिया।
 

मेदिनीपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कोलाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ झालमुड़ी का स्वाद चखा। राज्य में बड़े सड़क परियोजनाओं की घोषणा के बीच इस अनौपचारिक पल ने कार्यक्रम में स्थानीय रंग भर दिया।

गडकरी ने बाद में सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए बताया कि अधिकारी ने बंगाल के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड झालमुड़ी की व्यवस्था की थी। मुरमुरे, मसाले, सरसों का तेल, मिर्च और प्याज से तैयार इस स्नैक का दोनों ने कार्यक्रम के दौरान आनंद लिया। इस अनौपचारिक बातचीत का पल राजमार्ग कार्यक्रम के औपचारिक माहौल के बीच खास रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहले कई मौकों पर बंगाल के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद चख चुके हैं। क्षेत्रीय खानपान के प्रति उनकी रुचि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भी दिखाई देती रही है। जून 2026 में नई दिल्ली में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित बैठक में सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी को झालमुड़ी परोसी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने उस हल्के-फुल्के पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था और बाद में वहां मौजूद अन्य एनडीए नेताओं को भी झालमुड़ी देने के लिए विक्रेता से कहा था। इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी प्रधानमंत्री ने झाड़ग्राम में रैली के बीच अचानक रुककर झालमुड़ी का स्वाद लिया था।

गडकरी और सुवेंदु अधिकारी की मौजूदगी वाला गुरुवार का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल में सड़क और राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। गडकरी ने राज्य में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

अधिकारियों के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य पश्चिम बंगाल के औद्योगिक केंद्रों, व्यापारिक क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों के बीच संपर्क मजबूत करना है। बेहतर सड़क नेटवर्क से माल और यात्रियों की आवाजाही आसान होने, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है।

बंगाल की सड़क संस्कृति का अहम हिस्सा झालमुड़ी कार्यक्रम के दौरान औपचारिक भाषणों और परियोजनाओं के उद्घाटन के बीच एक सहज और स्थानीय जुड़ाव का प्रतीक बनी।

--आईएएनएस

डीएससी