Aapka Rajasthan

बंगाल: मानसिक रूप से दिव्यांग की हत्या करने के आरोप में चार गिरफ्तार

कोलकाता, 20 जुलाई (आईएएनएस)। पुलिस ने सोमवार को बताया कि एक पुनर्वास केंद्र के चार कर्मचारियों को मानसिक रूप से दिव्यागं किशोर को पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
 

कोलकाता, 20 जुलाई (आईएएनएस)। पुलिस ने सोमवार को बताया कि एक पुनर्वास केंद्र के चार कर्मचारियों को मानसिक रूप से दिव्यागं किशोर को पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

यह घटना रविवार को दक्षिण कोलकाता के बंसद्रोनी थाना क्षेत्र में घटी।

पता चला है कि चार कर्मचारी 17 वर्षीय किशोर को कार में धकेल कर पुनर्वास केंद्र ले जा रहे थे। रास्ते में ही किशोर की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके हरिदेवपुर में स्थित पुनर्वास केंद्र ले जाते समय उसकी पिटाई की गई।

परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

परिवार के अनुसार, किशोर एक जटिल मानसिक बीमारी से पीड़ित था और कभी-कभी हिंसक हो जाता था। अचानक हिंसक हो जाने पर परिवार ने हरिदेवपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एक पुनर्वास केंद्र से संपर्क किया।

रविवार को हरिदेवपुर पुनर्वास केंद्र के चार कर्मचारी किशोर को लेने आए। उन्होंने उसे कार में बिठाया और पुनर्वास केंद्र के लिए रवाना हो गए। किशोर के पिता पीछे एक दूसरी कार में थे।

किशोर की मां ने पुलिस को बताया कि कुछ दूर जाने के बाद चारों कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनका बेटा कार में बेहोश हो गया है।

उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि कर्मचारियों ने कार के अंदर किशोर को पीटा, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जाएगी ताकि पता चल सके कि कार में क्या गड़बड़ हुई और उनकी देखरेख में मौजूद मरीज की मौत क्यों हुई। जांच जारी है।

अधिकारी के अनुसार, जांचकर्ता घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पुनर्वास केंद्र के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एमएस/