कर्नाटक: दो सड़क हादसों में 7 की मौत, तिरुपति दर्शन कर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर
बेंगलुरु, 7 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के कोलार और चिक्कबल्लापुर जिलों में हुए दो सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल थे, जो सोमवार को तिरुपति मंदिर के दर्शन करके बेंगलुरु लौट रहे थे।
पहली घटना में, बेंगलुरु के चार तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। उनकी कार चेन्नई-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे पर कोलार जिले के केजीएफ तालुक में डोड्डा कारी गांव के पास पलट गई। मरने वालों की पहचान शरदाम्मा (70), दीक्षिता (25), देवेंद्र कुमार (41) और जिष्णु (13) के तौर पर हुई है। वे बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरा के रहने वाले थे।
ये लोग भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुपति गए थे और बेंगलुरु लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग (विकास, नीतू और अद्विका) घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए बंगारपेट सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बेथामंगला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
वहीं, एक और घटना चिक्कबल्लापुर जिले के शिदलगट्टा तालुक में कोथानूर गेट के पास हुई। श्रमिकों को ले जा रही एक कार की एक मिनी मालवाहक गाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मल्लिकाअर्जुनपुरा गांव के 10 मजदूरों को रामचंद्रप्पा नाम का व्यक्ति कार से फूल तोड़ने के काम के लिए हुजुगुरु गांव ले जा रहा था।
इस टक्कर में मल्लिकाअर्जुनपुरा की तीन महिलाओं की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें शिदलगट्टा तालुक अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे के संबंध में शिदलगट्टा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इन दो अलग-अलग हादसों में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
