Aapka Rajasthan

विजयवाड़ा में दर्दनाक हादसा, इलेक्ट्रिक कार में लगी आग, बच्चे समेत चार लोग जिंदा जले

विजयवाड़ा, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक इलेक्ट्रिक कार के सड़क डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में एक बच्चे सहित चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
 

विजयवाड़ा, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक इलेक्ट्रिक कार के सड़क डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में एक बच्चे सहित चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

विजयवाड़ा वेस्ट बाईपास रोड पर हुए इस भीषण हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हालांकि, उस समय तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान कोम्मारेड्डी रामदेव (39), उनकी मां कोम्मारेड्डी अरुणा, टी. विजय और एक बच्चे के रूप में हुई है। सभी नुन्ना और नंबूरु इलाके के निवासी थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग नंबूरु में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस के अनुसार, कार के डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई और कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। इससे कार में सवार चार लोग अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।

पांचवां व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास एवं आईटी मंत्री नारा लोकेश ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायल व्यक्ति के बेहतर इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए।

इस बीच, हैदराबाद में भी सोमवार को एक इलेक्ट्रिक बस में आग लग गई। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। यह बस शाम करीब साढ़े पांच बजे बेगमपेट एयरपोर्ट के पास पीएनटी फ्लाईओवर के निकट आग की चपेट में आ गई। घटना के कारण व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

हैदराबाद में एक अन्य हादसे में सोमवार तड़के गाचीबौली के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित आउटर रिंग रोड (ओआरआर) के एग्जिट नंबर-1 के पास एक कार में डिवाइडर से टकराने के बाद आग लग गई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम