Aapka Rajasthan

तेलंगाना: मंत्री श्रीहरी ने कोहेडा में रखी फिश एक्सपोर्ट सेंटर की आधारशिला, 5,000 लोगों को मिलेगा रोजगार

हैदराबाद, 10 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री वाकिटी श्रीहरी ने शुक्रवार को रंगारेड्डी जिले के कोहेडा में मीठे पानी की मछली के निर्यात केंद्र की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से मछुआरों की आय बढ़ेगी, उन्हें स्थायी रोजगार मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए अवसर पैदा होंगे।
 

हैदराबाद, 10 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री वाकिटी श्रीहरी ने शुक्रवार को रंगारेड्डी जिले के कोहेडा में मीठे पानी की मछली के निर्यात केंद्र की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से मछुआरों की आय बढ़ेगी, उन्हें स्थायी रोजगार मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लिए यह गर्व की बात है कि देश में पहली बार किसी तटीय इलाके के बजाय एक ऐसे राज्य में इतना आधुनिक एक्सपोर्ट सेंटर बनाया जा रहा है जो समुद्र के किनारे नहीं है।

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत केंद्र सरकार से 60 प्रतिशत और राज्य सरकार से 40 प्रतिशत फंडिंग के साथ यह सेंटर लगभग 47 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है।

इस सेंटर में सभी आधुनिक सुविधाएं जैसे कि आधुनिक कोल्ड स्टोरेज यूनिट, प्यूरिफिकेशन यूनिट, पैकेजिंग सेंटर, ट्रेनिंग सेंटर, कस्टम्स सुविधाएं और एक बड़ा होलसेल मार्केट होगा।

इस एक्सपोर्ट सेंटर से राज्य में पैदा होने वाली मछलियों के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होंगे और मछुआरों को बेहतर दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की मछलियों को दुनियाभर में खास पहचान मिलेगी।

यहां लगभग 2,000 व्यापारियों को कारोबार करने का मौका मिलेगा, जबकि लोडिंग, अनलोडिंग, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य क्षेत्रों में लगभग 5,000 लोगों को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे।

यह प्रोजेक्ट न केवल मछली बाजार के तौर पर काम करेगा, बल्कि विकास के एक ऐसे प्लेटफॉर्म के तौर पर भी खड़ा होगा जो तेलंगाना के मछली पालन क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ेगा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ यह युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।

मंत्री ने बताया कि तेलंगाना अभी मीठे पानी की मछली के उत्पादन में देश में सबसे आगे है। 2025 में राज्य में लगभग 4.20 लाख टन मछली और 15,000 टन मीठे पानी के झींगे का उत्पादन दर्ज किया गया।

उन्होंने केंद्र सरकार, राज्य सरकार, जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों और मछुआरा संघों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट में सहयोग किया। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य तेलंगाना में पैदा होने वाली हर मछली के लिए वैश्विक बाजार उपलब्ध कराना है। मछुआरों के परिवारों में आर्थिक खुशहाली लाना हमारी सरकार का संकल्प है।"

इस मौके पर भुवनगिरी के सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी, विधायक मलरेड्डी रंगा रेड्डी, मत्स्य पालन निदेशक निखिल, फ्रूट मार्केट के चेयरमैन चिलुक मधु, रंगा रेड्डी मत्स्य पालन सहकारी समिति के अध्यक्ष दुसा वेंकटेश और अन्य लोग मौजूद थे।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी