Aapka Rajasthan

दुर्गापुर में जुए का अड्डा चलाने के आरोप में पूर्व टीएमसी पार्षद गिरफ्तार

कोलकाता, 10 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बर्धमान जिले में जुए के एक कथित अड्डे पर पुलिस की छापेमारी के दौरान, दुर्गापुर नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद चंदन साहा को गिरफ्तार किया गया।
 

कोलकाता, 10 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बर्धमान जिले में जुए के एक कथित अड्डे पर पुलिस की छापेमारी के दौरान, दुर्गापुर नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद चंदन साहा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, दुर्गापुर के एक होटल में जुए का गुप्त अड्डा चलाया जा रहा था। यहां देर रात तक चलने वाले जुए के खेल में बड़ी रकम का लेन-देन होता था।

पुलिस ने बताया कि इस पूरे धंधे के पीछे चंदन साहा मुख्य व्यक्ति था। एक गुप्त सूत्र से जानकारी मिलने के बाद, सोमवार देर रात दुर्गापुर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने उस होटल में छापा मारा।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान चंदन साहा समेत चार लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से एक लाख रुपए बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि होटल के अंदर काफी समय से गतिविधियां चल रही थी और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जांचकर्ताओं को शक है कि चंदन साहा, जो कभी इलाके का एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति माना जाता था, इस जुए के धंधे का मुख्य आयोजक था। पुलिस अब इस जुए के नेटवर्क के दायरे और गिरफ्तार किए गए लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

आरोप है कि चंदन साहा इलाके में जबरन वसूली के कई मामलों में भी शामिल रहा है। इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई ने आरोप लगाया है कि चंदन साहा लंबे समय से अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करके जुए का धंधा चला रहा था और इलाके में अन्य अवैध गतिविधियों से भी जुड़ा हुआ था।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों को इस बात की जांच करनी चाहिए कि पूर्व पार्षद ने अपनी संपत्ति कैसे जुटाई और क्या इसका संबंध अवैध गतिविधियों से है।

घोरुई ने कहा कि चंदन साहा के कई साथी हैं। यह धंधा काफी समय से चल रहा था। जुए के अड्डे से पूर्व पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। इस पूर्व पार्षद ने कई अवैध गतिविधियों के जरिए काफी संपत्ति बना ली है।

पुलिस ने जुए के मामले के अलावा विधायक के अन्य आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। मामले की आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम