Aapka Rajasthan

गुजरात: गरीबों के लिए अनाज की हेराफेरी; पुलिस ने 30 लाख रुपए से ज्यादा का स्टॉक जब्त किया

जूनागढ़, 9 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस के स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने जूनागढ़ जिले में दो जगहों पर छापेमारी करके 30 लाख रुपए से अधिक मूल्य का सरकारी अनाज जब्त किया है। आरोप है कि यह अनाज सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से डायवर्ट किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 अन्य लोगों को वांछित आरोपी (वांटेड) के रूप में नामजद किया है।
 

जूनागढ़, 9 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस के स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने जूनागढ़ जिले में दो जगहों पर छापेमारी करके 30 लाख रुपए से अधिक मूल्य का सरकारी अनाज जब्त किया है। आरोप है कि यह अनाज सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से डायवर्ट किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 अन्य लोगों को वांछित आरोपी (वांटेड) के रूप में नामजद किया है।

बिलखा और बंटवा कस्बों में छापेमारी की गई। यह कार्रवाई इस जानकारी के बाद की गई कि उचित मूल्य की दुकानों (फेयर प्राइस शॉप) के मालिक और डीलर, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (जिसमें गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोग भी शामिल हैं) के लिए बांटे जाने वाले अनाज को अवैध रूप से कहीं और खपा रहे थे।

राज्य में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी.एस. मलिक के निर्देश पर, इंस्पेक्टर ए.वाई. बलोच के नेतृत्व में एक एसएमसी टीम ने दो जगहों पर छापेमारी की।

पहली छापेमारी बिलखा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगरेचावाड़ी, स्ट्रीट नंबर 3 में रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक घर में की गई, जिस पर इम्तियाज चौहान का कब्जा था।

दूसरी छापेमारी बंटवा कस्बे की लेक स्ट्रीट नंबर 8 में एक घर और गोदाम में की गई, जिस पर दीपक उर्फ ​​दीपू हेमनानी का कब्जा था।

पुलिस ने गेहूं, चावल, अरहर दाल, बाजरा, चना, सोयाबीन और अन्य अनाज जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 30.35 लाख रुपए है।

जब्त की गई चीजों में 11.35 लाख रुपए कीमत के चार वाहन, 51,000 रुपए कीमत के सात मोबाइल फोन, 8,000 रुपए कीमत के चार इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटे, 2,500 रुपए नकद और एक कच्ची बिल बुक भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 42.32 लाख रुपए आंकी गई है।

इस कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें बिलखा से इम्तियाज चौहान और मुस्ताकभाई चौहान, और बंटवा से राजकुमार उर्फ ​​बबलू आहूजा, सुनीलकुमार पहलजानी, किरण सोलंकी और वेजाभाई अखिया शामिल हैं।

15 वांछित आरोपियों में अमीन चोटालिया, फिरोज मालवीय और इरफान कलवतार के अलावा दीपक हेमनानी भी शामिल हैं, जिसका बंटवा में छापेमारी वाली जगह पर कब्जा था।

इस सूची में एक अज्ञात उचित मूल्य दुकान मालिक या डीलर के साथ-साथ कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी पहचान उनके नामों या उपनामों से हुई है। इनमें वासुभाई सिंधी, पिंटूभाई सिंधी, मोहिना सिंधी, अजू सिंधी और बाबूभाई सिंधी शामिल हैं। बिलखा और बंटवा पुलिस थानों में, 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' की धाराओं 3 और 7, और 'भारतीय न्याय संहिता, 2023' की धाराओं 3(5), 61(2) और 316(5) के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

--आईएएनएस

एससीएच