आंध्र प्रदेश में कार-ट्रक की जोरदार टक्कर, पांच लोगों की मौत
अमरावती, 4 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना बेंगलुरु-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगावरम मंडल के डुडापल्ली चौराहे के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, कार ने आगे चल रहे एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक बेंगलुरु के राजाजी नगर इलाके के निवासी थे और तिरुमाला में दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों की पहचान मोहन दास, नागराज राव, कुसुमा, जयंती और पूजा के रूप में हुई है।
बताया गया है कि ट्रक पलामनेरु में सीमेंट उतारने के बाद कुरनूल की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवारों को बचने का कोई मौका नहीं मिला।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। गंगावरम सर्कल इंस्पेक्टर रामभूपाल ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच, तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक अन्य सड़क हादसे में एक कार में अचानक आग लग गई। यह घटना सदाशिवपेट मंडल के नंदिकडी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटी।
बताया जा रहा है कि कार से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही देर में कार आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया।
वहीं, तेलंगाना के नालगोंडा जिले में बुधवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान भी हादसा हुआ। वेमुलापल्ले के अमंगल में आयोजित श्री पार्वती जदाला रामलिंगेश्वर स्वामी कल्याणोत्सव के तहत अग्गीगुंडालु (फायरवॉकिंग) अनुष्ठान के दौरान 10 श्रद्धालु घायल हो गए। यह अनुष्ठान वार्षिक मेले के प्रमुख आकर्षणों में से एक माना जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
बताया गया कि जब धार्मिक प्रतीक को ले जा रहा जुलूस जलते हुए कोयलों के ऊपर से गुजर रहा था, तभी भीड़ में धक्का-मुक्की हो गई और कुछ श्रद्धालु संतुलन खोकर आग में गिर पड़े।
इस हादसे में कम से कम 10 श्रद्धालु झुलस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
