Aapka Rajasthan

टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में विंबर्ली के पास छोटा विमान क्रैश, पांच लोगों की मौत

वाशिंगटन, 1 मई (आईएएनएस)। टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में विंबर्ली के पास 30 अप्रैल की रात एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह जानने के लिए संघीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
 
टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में विंबर्ली के पास छोटा विमान क्रैश, पांच लोगों की मौत

वाशिंगटन, 1 मई (आईएएनएस)। टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में विंबर्ली के पास 30 अप्रैल की रात एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह जानने के लिए संघीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

हेस काउंटी के अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 11:05 बजे आपातकालीन टीमों को सूचना मिली कि इलाके में एक विमान क्रैश हो गया है।

यह विमान 'सेसना 421सी' बताया गया है, जिसमें कुल पांच लोग सवार थे। अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में सभी पांच लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना विंबर्ली के पास हुई, जो लगभग 3,000 लोगों का छोटा सा शहर है और सैन मार्कोस से करीब 15 मील पश्चिम और ऑस्टिन से लगभग 40 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं और शुक्रवार सुबह तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। अधिकारियों ने कहा कि मौजूदा निष्कर्षों के आधार पर हवा में किसी अन्य विमान से टकराने का कोई संकेत नहीं मिला है।

एक दूसरा विमान भी उस समय उसी इलाके के पास उड़ान भर रहा था, जो सुरक्षित रूप से न्यू ब्रौनफेल्स में लैंड कर गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि दोनों विमान साथ उड़ रहे थे या नहीं, और न ही यह पता चला है कि वे कहां से उड़ान भरकर आए थे।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) को इस हादसे की जानकारी दे दी गई है और वे इसकी जांच करेंगे। अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और कहा है कि उनके परिजनों को जानकारी देने के बाद ही नाम जारी किए जाएंगे।

मामले को लेकर जारी जांच में बताया गया है और अधिकारियों ने कहा है कि जैसे-जैसे नई जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।

'सेसना 421सी' एक दो इंजन वाला छोटा विमान है, जिसमें आमतौर पर छह लोग बैठ सकते हैं और इसे ज्यादातर निजी और बिजनेस यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

पिछले कुछ महीनों में टेक्सास हिल कंट्री में हुआ दूसरा घातक विमान हादसा है। इससे पहले दिसंबर में फ्रेडरिक्सबर्ग के पास एक लैंकेयर लिगेसी विमान क्रैश हुआ था, जिसमें उसमें सवार एकमात्र व्यक्ति की मौत हो गई थी। छोटे विमानों के हादसे वैसे तो बहुत आम नहीं होते हैं, लेकिन इनकी जांच एनटीएसबी की ओर से की जाती है, जो मौसम, तकनीकी खराबी और पायलट की स्थिति जैसे कारणों की जांच करके अंतिम रिपोर्ट तैयार करता है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम