हैदराबाद के नामपल्ली स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की बोगी में लगी आग, मची अफरातफरी
हैदराबाद, 15 मई (आईएएनएस)। हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर स्पेशल ट्रेन के एक खाली कोच में शुक्रवार को आग लग गई। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आग एसी कोच में लगी और देखते ही देखते पास के दूसरे कोच तक फैल गई।
यह घटना शाम करीब 6:45 बजे हुई। ट्रेन का निर्धारित प्रस्थान समय शाम 7:50 बजे था। रेलवे कर्मचारियों ने कोच से धुआं निकलते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने अन्य डिब्बों से यात्रियों को सुरक्षित निकाला।
दक्षिण मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर स्पेशल ट्रेन के एक खाली कोच में आग लगी थी। कोच के अंदर कोई यात्री मौजूद नहीं था। किसी के घायल होने की खबर नहीं है और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।
प्रभावित कोच बी1 और बी2 को ट्रेन से अलग कर दिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संचालन पर किसी बड़े असर की सूचना नहीं है।
इसी बीच, हैदराबाद के बाहरी इलाके रंगारेड्डी जिले के आदिबाटला क्षेत्र में कोंगरकलां गांव के पास सजावटी सामान के एक गोदाम में भी भीषण आग लग गई। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, पीएसआर स्लोका कन्वेंशन हॉल के पीछे स्थित गोदाम में आग लगी, जहां सजावटी सामान रखा हुआ था। प्लास्टिक और लकड़ी से बने सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना के बाद इलाके में काला धुआं फैल गया।
दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
