फीफा विश्व कप: मार्टिनेली ने कहा, स्कॉटलैंड मैच के लिए नेमार तैयार
न्यू जर्सी, 23 जून (आईएएनएस)। विंगर गैब्रियल मार्टिनेली ने मंगलवार को कहा कि नेमार पूरी तरह तैयार और प्रेरित हैं और वह स्कॉटलैंड के खिलाफ ब्राजील के अंतिम विश्व कप ग्रुप सी मुकाबले में टीम में वापसी के लिए उत्सुक हैं।
गैब्रियल मार्टिनेली ने कहा है कि नेमार ने ब्राजील टीम के साथ ट्रेनिंग फिर से शुरू कर दी है और वह पूरी तरह फिट होकर वापसी के लिए तैयार और बेहद प्रेरित हैं।
नेमार पिछले मई से काफ (पिंडली) की चोट के कारण बाहर थे लेकिन अब उन्होंने राष्ट्रीय टीम के साथ अभ्यास दोबारा शुरू कर दिया है। मार्टिनेली ने कहा, “वह बहुत उच्च स्तर पर हैं और खेलने के लिए उत्सुक हैं। हर कोई उनकी गुणवत्ता जानता है। हम देख सकते हैं कि वह कितने प्रेरित हैं और हमें खुशी है कि वह इस तरह की प्रतिबद्धता और इच्छा दिखा रहे हैं।”
ब्राज़ील के मैनेजर कार्लो एनसिलोटी ने पहले ही पुष्टि की है कि नेमार को गुरुवार को मियामी में होने वाले मैच के लिए टीम में शामिल किया जाएगा, हालांकि उनके शुरुआती एकादश में खेलने की संभावना कम है और वह संभवतः बेंच से शुरुआत करेंगे।
34 वर्षीय सैंटोस एफशी के फॉरवर्ड ने ब्राजील के लिए 128 मैचों में 79 गोल किए हैं और वह देश के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर हैं। वे अक्टूबर 2023 में एसीएल चोट के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेले हैं।
नेमार ने पहले संकेत दिया है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 उनके करियर का अंतिम विश्व कप हो सकता है।
ब्राजील वर्तमान में ग्रुप सी में 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है और गोल अंतर के आधार पर मोरक्को से आगे है। टीम का लक्ष्य ग्रुप टॉपर बनकर नॉकआउट चरण में प्रवेश करना है ताकि यात्रा और तैयारी से जुड़ी लॉजिस्टिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
टीम का मानना है कि मियामी में जीत दर्ज कर ग्रुप में पहला स्थान हासिल करना बेहतर होगा, क्योंकि इससे उन्हें बेहतर सुविधाएं और कम यात्रा जैसी रणनीतिक बढ़त मिलेगी।
--आईएएनएस
पीएम
