पश्चिम बंगाल में नाबालिग बेटी के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में शख्स गिरफ्तार
कोलकाता, 12 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक व्यक्ति को अपनी 13 वर्ष की बेटी के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बड़ी बेटी ने बारुईपुर पुलिस में अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसने दावा किया कि पिता द्वारा किए गए यौन शोषण की वजह से उसने घर छोड़ दिया था और आरोप लगाया कि वह उसकी छोटी बहन के साथ भी ऐसा ही कर रहा था। उस शिकायत के आधार पर बारुईपुर महिला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति पेशे से फेरीवाला है। आरोप है कि पिछले वर्ष दिसंबर में आरोपी की बड़ी बेटी के साथ शारीरिक शोषण हुआ था। वह गुस्से और डर के कारण घर से चली गई थी। छोटी बेटी ने आरोप लगाया कि अपनी मां को बताने के बाद भी पिता के गलत व्यवहार का कोई समाधान नहीं निकला। सब कुछ जानने के बाद भी मां चुप रही।
आरोप है कि बड़ी बेटी के घर छोड़ने के बाद भी पिता छोटी बेटी का यौन शोषण करता रहा। 'पीड़िता' ने दावा किया कि यह पिछले कुछ महीनों से हो रहा था। उसने कहा कि किसी को बताने जैसी स्थिति नहीं थी। उसने अपनी बहन से फोन पर बात की। उसके बाद दोनों बहनों ने अपनी मां को बताया। उसके बाद भी मां चुप रही और उनके आरोपों को मानने से इनकार कर दिया।
इसी बीच, आरोपी की बड़ी बेटी ने 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके आधार पर बारुईपुर महिला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने शुक्रवार की रात को कुल्पी रोड इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगे जांच के लिए उसकी कस्टडी की मांग की है।
मामले को लेकर बारुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "बेटी की शिकायत के आधार पर पिता को गिरफ्तार किया गया है। हम उससे आगे पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी की मांग करेंगे। जांच चल रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है।"
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
