Aapka Rajasthan

पाकिस्तान: कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर में धमाका, सिंध रेंजर्स के तीन जवानों की मौत

इस्लामाबाद, 27 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार को एक बड़े धमाके के बाद दहशत मच गई। रिपोर्ट के अनुसार, यह आतंकी हमला बताया जा रहा है। सिंध के पुलिस प्रमुख के अनुसार, हमले में सिंध रेंजर्स के तीन जवानों की मौत हो गई।
 

इस्लामाबाद, 27 जून (आईएएनएस)। पाक‍िस्‍तान के कराची शहर में शन‍िवार को एक बड़े धमाके के बाद दहशत मच गई। र‍िपोर्ट के अनुसार, यह आतंकी हमला बताया जा रहा है। सिंध के पुलिस प्रमुख के अनुसार, हमले में सिंध रेंजर्स के तीन जवानों की मौत हो गई।

पाक‍िस्‍तान के प्रमुख अखबार 'द डॉन' की र‍िपोर्ट के अनुसार, कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में अर्धसैनिक बल सिंध रेंजर्स की एक इमारत पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले में सिंध रेंजर्स के तीन जवान मारे गए।

'द डॉन' के अनुसार, सिंध के इंस्पेक्टर जनरल जावेद आलम ओधो ने डॉन को बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, सिंध रेंजर्स के स्थानीय मुख्यालय पर हुए हमले में तीन आतंकवादी भी मारे गए हैं।

पुलिस प्रमुख ने कहा कि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि हमला करने के दौरान कोई धमाका भी हुआ था या नहीं। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने अपनी गाड़ी से मुख्य गेट को टक्कर मारकर अंदर घुसने की कोशिश की।

इंस्पेक्टर ओधो ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है। विशेष सुरक्षा इकाई (एसएसयू) के कमांडो, एंटी-टेररिस्ट फोर्स (एटीएफ) और रेंजर्स के जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।

इससे पहले, इलाके में भारी गोलीबारी और धमाके की खबर मिलने के बाद सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे थे।

डॉन की र‍िपोर्ट के अनुसार, स्थिति को संभालने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स और पुलिस कमांडो जैसी विशेष इकाइयों को भी भेजा गया। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।

डॉन की र‍िपोर्ट के अनुसार, सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने मोसमियात चौक के पास धमाके और गोलीबारी की खबरों का संज्ञान लिया और घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

मुख्यमंत्री के प्रवक्ता के अनुसार, उन्होंने सिंध के इंस्पेक्टर जनरल और कराची के अतिरिक्त इंस्पेक्टर जनरल से बात की और निर्देश दिया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की सही जानकारी जुटाकर जरूरी कार्रवाई करे।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी