पश्चिम बंगाल : मतदान के बीच मुर्शिदाबाद में दो जगह झड़प, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
कोलकाता, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जारी मतदान के बीच मुर्शिदाबाद के कुछ इलाकों में झड़पें हुई हैं। हालांकि, इन घटनाओं को लेकर चुनाव आयोग ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
आरोप है कि मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल इलाके में वामपंथी समर्थकों को वोट डालने से रोका गया है। दूसरी घटना में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर के बीच झड़प हुई थी। आयोग के अधिकारियों के अनुसार, मुर्शिदाबाद जिला प्रशासन से इन दोनों घटनाओं पर अलग-अलग रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है।
मुर्शिदाबाद में बुधवार रात से ही विवाद शुरू हो गया था। बताया गया कि इलाके में वाम मोर्चा के समर्थकों और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार रात से ही झड़पें हो रही थीं। गुरुवार सुबह रायपुर इलाके में माकपा के कुछ समर्थकों को वोट डालने से रोका गया।
अशांति की सूचना मिलने पर राज्य पुलिस और केंद्रीय बल तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद इलाके में वामपंथी समर्थकों ने केंद्रीय बलों की सुरक्षा में अपने वोट डाले। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने मतदान में बाधा डालने के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
वहीं, उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) शुभम बजाज ने डोमकल में बूथ नंबर 217 का दौरा किया, जहां माकपा समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया था।
इस बीच, मुर्शिदाबाद के नाओदा में तृणमूल कार्यकर्ताओं और तृणमूल के पूर्व नेता हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों ने स्थिति को संभाला। हालांकि, तृणमूल कार्यकर्ता हुमायूं कबीर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते रहे और उनसे इलाका छोड़कर चले जाने को कहा। विरोध स्वरूप, कबीर धरने पर बैठ गए और पुलिस से उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
इन घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए फिलहाल निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों से इन आरोपों के संबंध में एक रिपोर्ट मांगी है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
