Aapka Rajasthan

ईएलसी युवाओं को सच के साथ खड़े होने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सशक्त बनाएंगे: सीईसी ज्ञानेश कुमार

पणजी, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को कहा कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) युवाओं को सच के साथ खड़े होने और भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने के लिए सशक्त बनाएंगे।
 

पणजी, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को कहा कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) युवाओं को सच के साथ खड़े होने और भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने के लिए सशक्त बनाएंगे।

गोवा में भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की चौथी क्षेत्रीय सम्मेलन 'इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी 2.0) और ईसीआईनेट' को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और ईएलसी युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता तथा चुनावी भागीदारी को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे।

ज्ञानेश कुमार ने गोवा के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों व शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि ईएलसी ऐसे मंच हैं, जो युवाओं को चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत में चुनाव संविधान, संबंधित कानूनों और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाते हैं। चुनाव प्रक्रिया के हर चरण पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की समानांतर निगरानी रहती है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने ईसीआईनेट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मंच मतदाताओं के लिए पारदर्शिता का महत्वपूर्ण साधन बनेगा। इसके जरिए देशभर में चुनाव संबंधी सेवाओं और सूचनाओं के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि "लर्न डेमोक्रेसी, लीड डेमोक्रेसी" टैगलाइन के साथ शुरू किया गया ईएलसी 2.0 अभियान स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को अधिक संगठित, प्रभावी और डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की पहल है। इसका उद्देश्य पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और उसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

ईसीआईनेट डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ईएलसी 2.0 वर्षभर चुनावी साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों को समर्पित पोर्टल पर संचालित करेगा और देशभर में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों का मजबूत नेटवर्क तैयार करेगा।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, भारत में करीब 15 लाख स्कूल, लगभग 25 करोड़ छात्र और एक करोड़ से अधिक शिक्षक हैं। वहीं, उच्च शिक्षा क्षेत्र में करीब 1,500 विश्वविद्यालय, लगभग 70,000 शिक्षण संस्थान और 4.33 करोड़ छात्र नामांकित हैं। ईएलसी 2.0 इस विशाल शैक्षणिक नेटवर्क के जरिए युवाओं तक चुनावी शिक्षा पहुंचाएगा।

इस पहल के तहत क्लब मतदाता पंजीकरण, मतदान, मतगणना, ईसीआईनेट ऐप और निर्वाचन आयोग की अन्य प्रमुख पहलों से जुड़ी जानकारी भी युवाओं तक पहुंचाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त दो दिवसीय गोवा दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने राज्यभर के 1,000 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को संबोधित किया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के सफल संचालन में उनकी भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने भारत की चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्य चुनाव आयुक्त से सीधे सवाल पूछे।

--आईएएनएस

डीएससी