ईडी के आरोप अंतिम नहीं, नोटिस का जवाब दूंगा : सतीश जारकीहोली
बेंगलुरु, 12 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री सतीश जारकीहोली ने शनिवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोप सिर्फ संदिग्ध और कथित हैं। उनके तथा उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर हुई तलाशी से उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा।
ईडी के विदेशी निवेश और संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सतीश जारकीहोली ने कहा कि एजेंसी के दावे सिर्फ आरोप हैं। उनके खिलाफ कुछ भी साबित नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, "ईडी की छापेमारी से मुझे कोई नुकसान नहीं होगा। अगर ईडी नोटिस जारी करता है, तो मैं जवाब दूंगा।"
अफ्रीका में निवेश के आरोपों पर सतीश जारकीहोली ने कहा कि ईडी अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की और उन्होंने बताया कि उन्होंने कोई विदेशी निवेश नहीं किया है। उनके अनुसार, अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इस मामले में और जांच की जरूरत है।
कर्नाटक सरकार के मंत्री ने कहा, "अगर वे नोटिस जारी करने के बाद मुझे बुलाते हैं, तो मैं उनके सवालों का जवाब दूंगा। यह प्रक्रिया लंबी है और इसमें तीन से छह महीने लग सकते हैं।"
जारकीहोली ने कहा कि ईडी ने विदेशी निवेश को संदिग्ध बताया है, जबकि उन्होंने अधिकारियों के सामने कहा कि उन्होंने कोई निवेश नहीं किया है। सिर्फ आरोपों के आधार पर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। वे कह रहे हैं कि विदेशी निवेश किया गया है और मैंने उनसे कहा है कि हमने कोई विदेशी निवेश नहीं किया है। आरोपों के आधार पर कोई भी फैसला नहीं ले सकता।
सतीश जारकीहोली ने कहा कि ईडी को नोटिस जारी करना होगा और उन दस्तावेजों को देना होगा जिन पर उसके आरोप आधारित हैं, जिसके बाद वे और उनके सहयोगी बचाव में दस्तावेज जमा करेंगे।
पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़े आरोपों पर जवाब देते हुए सतीश जारकीहोली ने कहा कि रिश्वत से जुड़े आरोप भी केवल आरोप हैं और निर्णायक रूप से साबित नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाए हैं, हमने उन्हें खारिज कर दिया है।
सतीश जारकीहोली ने ईडी के बयान में इस्तेमाल की गई भाषा की ओर भी इशारा किया और कहा कि एजेंसी ने खुद मामले को संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा बताया है और कहा है कि आगे जांच जारी है। वह जांच के दौरान हर आरोप पर सफाई देंगे और अपना जवाब दाखिल करेंगे।
ईडी ने 9 और 10 सितंबर को फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) के तहत बेंगलुरु, बेलगावी, गोकाक और कोलकाता में जारकीहोली और उनके करीबी सहयोगियों से जुड़े 21 ठिकानों पर तलाशी ली थी। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि तलाशी कथित अघोषित विदेशी निवेश, सीमा पार व्यापारिक संबंधों और वित्तीय अनियमितताओं की जांच का हिस्सा थी।
एजेंसी ने पीडब्ल्यूडी ठेकों में अनियमितताओं और विदेशी संपत्ति हासिल करने के लिए अनधिकृत चैनलों के जरिए पैसे भेजने का भी आरोप लगाया है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
