न्यूजीलैंड के सबसे बड़े शहर ऑकलैंड के पास सक्रिय फॉल्ट मिलने से बढ़ा भूकंप का खतरा
वेलिंगटन, 27 मई (आईएएनएस)। नई रिसर्च में पता चला है कि न्यूजीलैंड के सबसे बड़े शहर ऑकलैंड के पास एक सक्रिय फॉल्ट (भूकंपीय दरार) मौजूद है। इससे पता चलता है कि ऑकलैंड में भूकंप का खतरा पहले के अनुमान से ज़्यादा हो सकता है।
ऑकलैंड यूनिवर्सिटी की बुधवार को जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, 'मंगातांगी फॉल्ट' हूनुआ रेंज के साथ-साथ चलता है, जो शहर से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण में है। यह फॉल्ट करीब 6.8 तीव्रता तक का भूकंप पैदा करने में सक्षम है।
यह अध्ययन न्यूजीलैंड जर्नल ऑफ जियोलॉजी एंड जियोफिजिक्स में प्रकाशित हुआ है। इसमें पाया गया कि यह फॉल्ट पिछले 10,000 वर्षों के अंदर सक्रिय हुआ है। आम तौर पर किसी भी फॉल्ट को अगर पिछले 125,000 वर्षों में वह हिला हो, तो उसे सक्रिय माना जाता है।
अध्ययन के सह-लेखक और जियोलॉजिस्ट जेम्स मुइरहेड ने कहा, “अगर पूरा फॉल्ट एक साथ फट जाए, तो साउथ ऑकलैंड में रहने वाले लोगों के लिए इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं और इसका असर सेंट्रल ऑकलैंड तक भी पहुंच सकता है।”
उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब ऑकलैंड क्षेत्र के किसी फॉल्ट की रेडियोकार्बन डेटिंग की गई है। इससे पता चलता है कि इस इलाके के भूकंप इतिहास के बारे में हमारी जानकारी अभी बहुत सीमित है। उनके अनुसार, ऑकलैंड का भूकंप जोखिम लोगों और नीति बनाने वालों की सोच से काफी ज्यादा हो सकता है।
ऑकलैंड में हर साल छोटे-छोटे भूकंप आते रहते हैं, लेकिन ज्यादातर इतने हल्के या दूर होते हैं कि महसूस नहीं होते।
ये नतीजे ऐसे समय में आए हैं जब ऑकलैंड दक्षिण-पश्चिम की ओर फैल रहा है, जिससे ज़्यादा लोग और इंफ्रास्ट्रक्चर इस फॉल्ट के करीब आ रहे हैं। रिसर्च करने वालों का कहना है कि शहर में भूकंप के खतरे का स्तर बढ़ाने से बिल्डिंग बनाने के नियमों को और सख्त करना पड़ेगा। पिछले साल ऑकलैंड को भूकंप के खतरे वाली इमारतों से जुड़े नियमों से छूट दी गई थी, क्योंकि वहां भूकंप का खतरा कम माना जाता था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, रिसर्च की प्रमुख लेखिका हन्ना मार्टिन ने कहा, “यह एक सक्रिय फॉल्ट है जो ऐसे इलाके में बड़ा भूकंप पैदा कर सकता है, जहां लोग आमतौर पर इसकी उम्मीद नहीं करते।”
न्यूजीलैंड में हर दिन भूकंप आते हैं। वहां लगे उपकरण हर साल 20,000 से ज्यादा भूकंपों की हलचल रिकॉर्ड करते हैं। इनमें से ज्यादातर इतने छोटे होते हैं कि महसूस नहीं होते, लेकिन करीब 150 से 200 भूकंप ऐसे होते हैं जो लोग महसूस कर सकते हैं।
1840 से 2016 के बीच, न्यूजीलैंड में भूकंपों की वजह से सीधे या परोक्ष रूप से 501 लोगों की जान गई थी।
--आईएएनएस
एवाई/एएस
