Aapka Rajasthan

19वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की वेबसाइट लॉन्च, अगले वर्ष कोलकाता में होगा आयोजन

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को 19वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की। यह सम्मेलन अगले वर्ष 7 से 9 जनवरी तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।
 

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को 19वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की। यह सम्मेलन अगले वर्ष 7 से 9 जनवरी तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, प्रवासी भारतीय दिवस भारत सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जो दुनिया भर में बसे भारतीय मूल के लोगों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। हर साल 9 जनवरी को यह दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन 1915 में महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे।

19वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में दुनिया भर से भारतीय मूल के लोग हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा, भारत के साथ उनके रिश्तों को और मजबूत किया जाएगा और देश के विकास में उनके योगदान के नए अवसरों पर चर्चा होगी।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इस बार सम्मेलन का विषय है "फ्रॉम रूट्स टू रिटर्न: रीइग्नाइटिंग डायस्पोरा कनेक्ट विद भारत"। यह विषय भारतीय प्रवासी समुदाय और उनकी मातृभूमि के बीच मौजूद गहरे सांस्कृतिक, सभ्यतागत और भावनात्मक संबंधों को सम्मान देता है। इसका उद्देश्य इन रिश्तों को और मजबूत बनाना है। साथ ही, विदेशों में रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से दोबारा जोड़ने, भारत को करीब से समझने और आधुनिक भारत के साथ उनका संबंध गहरा करने की कोशिश भी की जाएगी।

तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन की शुरुआत 'युवा प्रवासी भारतीय दिवस' से होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी और प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी।

ये पुरस्कार उन प्रवासी भारतीयों को दिए जाते हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है और दुनिया भर में भारत की छवि और संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। इस मौके पर प्रवासी भारतीय दिवस स्पेशल 'भारत को जानिए' क्विज भी लॉन्च किया गया। नए रूप में तैयार की गई यह क्विज आधुनिक गेमिंग तकनीक का उपयोग करती है, जिससे दुनिया भर के प्रवासी भारतीयों और विदेशी नागरिकों तक इसकी पहुंच बढ़ेगी।

यह क्विज भारत की विरासत, संस्कृति, कला और आधुनिक उपलब्धियों से लोगों को जोड़ने का काम करेगी। क्विज भारतवर्स ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस डिजिटल मंच पर क्विज, पहेलियां, क्रॉसवर्ड, वर्ड सर्च और कई अन्य इंटरैक्टिव गतिविधियां भी मौजूद हैं।

पीबीडी स्पेशल क्विज 11 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसमें तीन श्रेणियों - गैर-निवासी भारतीय (एनआरआई), भारतीय मूल के लोग (पीआईओ) और विदेशी नागरिकों - के विजेताओं को भारत की 10 दिन की विशेष यात्रा का मौका मिलेगा। उन्हें कोलकाता में होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस समारोह में भी शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट लॉन्च होने के साथ ही सम्मेलन में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस वेबसाइट पर सम्मेलन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी उपलब्ध होगी, जैसे कार्यक्रम का विवरण, पंजीकरण प्रक्रिया, रहने की व्यवस्था, यात्रा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी, ताकि प्रतिभागियों को सम्मेलन में शामिल होने में आसानी हो सके।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी