Aapka Rajasthan

विदेश मंत्री एस जयशंकर पोलैंड पहुंचे, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर होगी चर्चा

वारसॉ, 2 सितंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को आधिकारिक दौरे पर पोलैंड की राजधानी वारसॉ पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और पोलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।
 

वारसॉ, 2 सितंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को आधिकारिक दौरे पर पोलैंड की राजधानी वारसॉ पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और पोलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।

वारसॉ के शोपिन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत की राजदूत नीता भूषण ने विदेश मंत्री का स्वागत किया। पोलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि विदेश मंत्री का वारसॉ पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान पोलैंड के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय घटनाक्रम और आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान करेगी।

पोलैंड दौरे के बाद विदेश मंत्री जयशंकर यूक्रेन जाएंगे, जहां उनकी यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा के साथ बैठक निर्धारित है।

इससे पहले जुलाई में विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने पोलैंड के विदेश मंत्रालय के राज्य सचिव व्लादिस्लाव टी. बारतोशेव्स्की और आर्थिक विकास एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अवर सचिव मिखाल बारानोव्स्की के साथ वार्ता की थी। दोनों पक्षों ने राजनीतिक सहयोग, व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, संस्कृति तथा वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

भारत और पोलैंड के बीच 1954 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। दोनों देशों के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं और दोनों उपनिवेशवाद, साम्राज्यवाद तथा नस्लवाद के विरोध जैसी समान वैचारिक सोच साझा करते हैं।

--आईएएनएस

डीएससी