नीदरलैंड के विदेश मंत्री का भारत दौरा 22-23 नवंबर को, जयशंकर और अश्विनी वैष्णव से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन 22-23 नवंबर को आधिकारिक दौरे पर भारत आएंगे। इस दौरान वह विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ अहम बैठकें करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बेरेंडसेन रविवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे और उसी शाम विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात करेंगे।
सोमवार को वह केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलेंगे, जो इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके बाद उनका भारत दौरा समाप्त होगा।
इससे पहले 27 अक्टूबर को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नीदरलैंड के प्रमुख उद्योगपतियों और कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बिजनेस लीडर्स राउंडटेबल बैठक में हिस्सा लिया था। बैठक में गोयल ने भारत की आर्थिक विकास यात्रा, सुधारों की गति और भारत में निवेश, सह-निर्माण (को-मैन्युफैक्चरिंग) तथा संयुक्त नवाचार (को-इनोवेशन) के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने डच कंपनियों को भारत में निवेश बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया था।
गोयल ने 'नेक्सपेरिया' के अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीफन टिलगर से भी मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की थी। उस समय गोयल ने कहा था कि भारत की तेजी से बढ़ती इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमता और विकसित होता प्रौद्योगिकी क्षेत्र मजबूत साझेदारी और भरोसेमंद सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन बनाने के लिए बड़े अवसर प्रदान करता है। वहीं, 20 अक्टूबर को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने भारत में नीदरलैंड की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स से मुलाकात की थी।
दोनों पक्षों ने भारत और नीदरलैंड के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। बातचीत में दोनों देशों के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की पुष्टि की गई और रक्षा क्षेत्र में नए सहयोग के अवसरों पर विचार किया गया।
सितंबर में, संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और टॉम बेरेंडसेन की भी मुलाकात हुई थी। उस बैठक में दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष और इस वर्ष की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा से जुड़े प्रमुख मुद्दों और उपलब्धियों पर चर्चा की थी।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
