Aapka Rajasthan

सिक्किम पहुंचे नवनियुक्त राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, सोमवार को लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह

गंगटोक, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। सिक्किम के मनोनीत राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम रविवार को गंगटोक के बुरतुक हेलीपैड पहुंचे। वह 19 अक्टूबर को लोक भवन में पद की शपथ लेंगे।
 

गंगटोक, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। सिक्किम के मनोनीत राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम रविवार को गंगटोक के बुरतुक हेलीपैड पहुंचे। वह 19 अक्टूबर को लोक भवन में पद की शपथ लेंगे।

वहीं, उनके आगमन के समय राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला।

गौतम का स्वागत मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, सिक्किम विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विधायकों, गंगटोक नगर निगम के मेयर और पार्षदों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकारों, अन्य सलाहकारों, अध्यक्षों, विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने किया।

उनके आगमन के दौरान विपक्षी दलों, छात्रों और स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि जब तक केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' कनेक्शन की जांच पूरी नहीं कर लेती, तब तक केंद्र सरकार को उनकी नियुक्ति पर पुनर्विचार करना चाहिए।

सिक्किम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एसपीसीसी) ने शुक्रवार को गंगटोक में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने तक गौतम की नियुक्ति को वापस लिया जाए। पार्टी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका तर्क है कि इस विवाद ने एक संवैधानिक पद पर गौतम की नियुक्ति की उपयुक्तता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार को गंगटोक में छात्रों और स्थानीय निवासियों ने भी प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि जांच का नतीजा आने तक गौतम के शपथ ग्रहण को टाल दिया जाए। अंकिता भंडारी के माता-पिता ने भी अलग से मांग की है कि इस नियुक्ति को रद्द किया जाए।

वहीं, नई दिल्ली के इंडिया गेट पर हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनसे मिले थे।

दरअसल, 19 वर्षीय अंकिता उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। सितंबर 2022 में उसकी हत्या कर दी गई थी।

2023 में, रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। हालांकि, कथित 'वीआईपी कनेक्शन' को लेकर सवाल फिर से उठने लगे हैं, जिससे जवाबदेही की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। अब इस कथित 'वीआईपी एंगल' की सीबीआई जांच चल रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम