Aapka Rajasthan

कुवैत-इराक के अब्दाली बॉर्डर पर ड्रोन हमला, कोई हताहत नहीं

कुवैत सिटी, 23 जुलाई (आईएएनएस)। कुवैत के उत्तरी हिस्से में इराक की सीमा से लगा अब्दाली बॉर्डर क्रॉसिंग ड्रोन हमले का निशाना बना। इस हमले में कुछ सामान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
 

कुवैत सिटी, 23 जुलाई (आईएएनएस)। कुवैत के उत्तरी हिस्से में इराक की सीमा से लगा अब्दाली बॉर्डर क्रॉसिंग ड्रोन हमले का निशाना बना। इस हमले में कुछ सामान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

कुवैत सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर कहा, "रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता मेजर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि आज दोपहर अब्दाली बॉर्डर क्रॉसिंग पर दुश्मन ड्रोन से हमला किया गया, जिससे वहां कुछ भौतिक नुकसान हुआ। हालांकि, किसी भी व्यक्ति के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।”

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद विशेष टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का काम शुरू कर दिया और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर इलाके को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाए।

कुवैत सेना ने आगे कहा कि थल सेना से जुड़ी जांच और निपटान टीमें भी इलाके की जांच, सुरक्षा व्यवस्था और ड्रोन के मलबे को हटाने का काम शुरू कर चुकी हैं। यह काम तय तकनीकी प्रक्रियाओं के अनुसार किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जगह पूरी तरह सुरक्षित है और वहां कोई खतरा नहीं बचा है।

इससे पहले दिन में ईरान ने दावा किया था कि उसने अपने जवाबी हमलों के एक नए दौर में कुवैत और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और सैन्य संसाधनों को निशाना बनाया। ईरान के अनुसार, इन हमलों में अमेरिकी ठिकानों को नुकसान पहुंचा और वहां मौजूद कुछ कर्मियों को नुकसान हुआ।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट से जुड़ी सेपा न्यूज पर जारी बयान में कहा कि ईरानी बलों ने ड्रोन हमले के जरिए कुवैत के अली अल सलेम एयर बेस पर अमेरिकी सेना के एक बड़े सैन्य उपकरण गोदाम, एक पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और एमक्‍यू-9 रीपर ड्रोन के एक हैंगर को नष्ट कर दिया। आईआरजीसी ने कहा कि यह हमला अमेरिका की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दखलअंदाजी के जवाब में किया गया।

स‍िन्हुआ न्यूज एजेंसी की र‍िपोर्ट के अनुसार, ईरानी सेना ने दावा किया कि उसने जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर एंटी-मिसाइल सिस्टम, पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, सी-आरएएम रडार सिस्टम और ईंधन भंडारण सुविधाओं को निशाना बनाया। इसके अलावा, उसने अमेरिकी हेलीकॉप्टर के पुर्जों के एक बड़े गोदाम और हेलीकॉप्टरों की मरम्मत व रखरखाव से जुड़े एक साइलो को नष्ट किया है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी