दिवाली का तोहफा: राजस्थान सरकार ने महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की
जयपुर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है।
इस बढ़ोतरी के बाद डीए और डीआर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। इससे राज्य के 7 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और 5 लाख से ज्यादा पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि यह फैसला त्योहार के मौके पर लाखों परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक राहत देने के लिए लिया गया है।
सातवें वेतन आयोग के तहत बढ़ा हुआ डीए और डीआर 1 जुलाई 2026 से लागू माना जाएगा। सरकारी कर्मचारियों को नवंबर 2026 के वेतन के साथ बढ़ा हुआ डीए नगद मिलेगा, जिसका भुगतान दिसंबर में किया जाएगा।
1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक के चार महीने का बकाया कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में जमा किया जाएगा।
पेंशनर्स को भी 1 जुलाई 2026 से बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ नगद रूप में दिया जाएगा। डीए और डीआर में इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर लगभग 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
इसके अलावा राज्य सरकार ने त्योहार के अवसर पर करीब 6 लाख पात्र कर्मचारियों को एड-हॉक बोनस देने की भी मंजूरी दी है। बोनस पर राज्य सरकार को लगभग 406 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा। इस तरह डीए बढ़ोतरी और बोनस को मिलाकर सरकारी खजाने पर करीब 1,226 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों की रक्षा तथा उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य के विकास और सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए लगातार उनके हित में फैसले ले रही है। सरकार के इस फैसले से दिवाली के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
