बड़े पर्दे पर दिखेगी गायिका एमएस सुब्बुलक्ष्मी की कहानी, डायरेक्टर गौतम तिन्ननुरी बोले-सिर्फ उपलब्धियां नहीं, संघर्ष भी दिखाएंगे
चेन्नई, 17 सितंबर (आईएएनएस)। महान कर्नाटक शास्त्रीय गायिका और भारत रत्न से सम्मानित एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखाई देने वाली है। डायरेक्टर गौतम तिन्ननुरी सुब्बुलक्ष्मी की बायोपिक 'एमएस - ए लिगेसी ऑन स्क्रीन' का निर्देशन कर रहे हैं. उनका कहना है कि फिल्म में वे महान गायिका के जीवन के मानवीय पहलू को भी दर्शाना चाहते हैं। फिल्म में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना सुब्बुलक्ष्मी का किरदार निभाती नजर आएंगी।
निर्देशक गौतम तिन्ननुरी ने कहा कि फिल्म का उद्देश्य सिर्फ गायिका की उपलब्धियों को दिखाना नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संघर्षों, भावनाओं और जीवन के मानवीय पक्ष को भी दर्शकों के सामने लाना है।
फिल्म के लॉन्च इवेंट में निर्देशक गौतम तिन्ननुरी ने कहा, ''जब मैंने इस कहानी पर काम शुरू किया था, तब मुझे लगा था कि मैं भारत की महानतम संगीत हस्तियों में से एक की कहानी पर्दे पर दिखाऊंगा, लेकिन रिसर्च के दौरान मुझे धीरे-धीरे एहसास हुआ कि यह सिर्फ एक महान संगीतकार की कहानी नहीं है, बल्कि एक असाधारण जिंदगी की कहानी है। उनके जीवन में भारत रत्न, बड़े मंच और मशहूर कॉन्सर्ट हॉल जैसे कई गौरवपूर्ण पड़ाव रहे हैं लेकिन इन उपलब्धियों के पीछे एक आम इंसान था। वह एक बेटी थीं, एक कलाकार थीं और एक ऐसी महिला थीं, जिन्होंने सपने देखे, सफलता हासिल की, असफलताओं का सामना किया और कई तरह के त्याग किए।''
गौतम तिन्ननुरी ने कहा, ''फिल्म में मेरी कोशिश एमएस सुब्बुलक्ष्मी के इसी मानवीय पक्ष को सामने लाने की है। जब किसी महान शख्सियत की जिंदगी को पर्दे पर दिखाया जाता है, तो अक्सर उसकी बड़ी उपलब्धियां ही लोगों के सामने आती हैं लेकिन इस फिल्म के जरिए मैं यह बताना चाहता हूं कि इतनी बड़ी सफलता के पीछे किस तरह का जीवन और संघर्ष रहा। एमएस सुब्बुलक्ष्मी ने अपनी कला को जिस तरह पूरी जिंदगी समर्पित की, वह भी उनकी कहानी का अहम हिस्सा होगा।''
गौतम तिन्ननुरी ने आज की युवा पीढ़ी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''फिल्म के लॉन्च के मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं को देखकर मुझे बेहद खुशी हुई। आज की दुनिया बहुत तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है और कई बार सफलता को लाइक्स, शेयर और सब्सक्राइबर्स की संख्या से मापा जाने लगा है, लेकिन एमएस सुब्बुलक्ष्मी की महानता रातोंरात नहीं बनी थी। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी अनुशासन और धैर्य के साथ अपने संगीत को समर्पित की। उनकी जिंदगी आज की पीढ़ी को एक बेहद जरूरी संदेश देती है। उनकी सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगातार सीखने की भावना थी। ऐसे समय में जब लोग जल्दी सफलता हासिल करना चाहते हैं, उनकी कहानी धैर्य के महत्व को समझाने वाली हो सकती है।''
गौतम ने कहा, ''पूरी टीम इस बात को समझती है कि एमएस सुब्बुलक्ष्मी जैसी महान शख्सियत की जिंदगी को पर्दे पर उतारना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। फिल्म की कहानी और हर फ्रेम को गहरे सम्मान और प्यार के साथ तैयार किया जा रहा है। हम सभी खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि हमें एमएस सुब्बुलक्ष्मी की जिंदगी की कहानी के साथ काम करने का मौका मिला है।''
'एमएस - ए लिगेसी ऑन स्क्रीन' को एमएस सुब्बुलक्ष्मी की 110वीं जयंती के अवसर पर आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया है। फिल्म में संगीत की जिम्मेदारी चर्चित संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर संभालेंगे। फिल्म का निर्माण गीता आर्ट्स के साथ रॉकलाइन एंटरटेनमेंट और बन्नी वास वर्क्स मिलकर कर रहे हैं।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
