यूरोप टूर से पहले जट्ट पहुंचा जापान, दिलजीत दोसांझ ने टोक्यो में की शॉपिंग, आइसक्रीम का लुत्फ उठाया
मुंबई, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाबी संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने आने वाले यूरोप टूर को लेकर चर्चा में हैं। वह जहां भी जाते हैं, वहां की संस्कृति, खानपान और खास पलों को अपने फैंस के साथ साझा करना नहीं भूलते। यूरोप टूर शुरू करने से पहले दिलजीत दोसांझ जापान पहुंचे, जहां वह टोक्यो की खूबसूरत गलियों, बाजारों और स्थानीय जगहों का आनंद लेते नजर आए। उन्होंने अपनी इस यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।
दिलजीत ने टोक्यो में अपने समय को यादगार बनाने के लिए कई जगहों की सैर की। उन्होंने जापानी जायकों का स्वाद लिया और स्थानीय दुकानों में घूमते हुए अपनी पसंद की चीजें देखीं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में वह एक ग्रॉसरी स्टोर में जाते हुए दिखाई देते हैं, जहां वह अलग-अलग सामान देखते हुए कॉफी का आनंद लेते हैं। इसके अलावा वह आइसक्रीम का भी लुत्फ उठाते है।
अपनी पोस्ट के कैप्शन में दिलजीत ने लिखा, ''जट्ट इन जापान। यूरोप टूर से पहले टोक्यो में शॉपिंग।'' उनके इस अंदाज को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
दिलजीत दोसांझ का बहुप्रतीक्षित यूरोप टूर 21 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत जर्मनी के बर्लिन शहर से होगी। इसके बाद वह 25 अगस्त को डबलिन, 28 अगस्त को पेरिस, 30 अगस्त को वियना, 5 सितंबर को मिलान, 7 सितंबर को एम्स्टर्डम, 12 सितंबर को लंदन, 18 सितंबर को बर्मिंघम और 20 सितंबर को मैनचेस्टर में अपने प्रशंसकों के सामने लाइव परफॉर्म करेंगे।
दिलजीत के इस टूर को लेकर फैंस में काफी उत्साह है। विदेशों में भी उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और बड़ी संख्या में लोग उनके कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
हाल ही में दिलजीत ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन किया था। इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिलजीत ने अपने पुराने अनुभवों को याद किया। उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन का समर्थन करने के बाद उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उस समय उन्हें 'एंटी-नेशनल' तक कहा गया था और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
अपनी पोस्ट में दिलजीत ने लिखा था, ''मेरे ऊपर पहले भी कई बार एंटी नेशनल का टैग लगाया जा चुका है। अब भी मुझे एंटी-नेशनल कहा जाएगा। किसान आंदोलन के बाद मुझे काफी विरोध और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं बात भी नहीं कर सकता। बाकी सब भगवान देख रहा है, बाबा भला करेंगे।''
--आईएएनएस
पीके/वीसी
