Aapka Rajasthan

विमान में टर्बुलेंस की घटना पर एयर इंडिया का बयान, 13 यात्री और 4 क्रू घायल; 5 को अस्पताल से मिली छुट्टी

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई2379 के उड़ान के दौरान अचानक ऊंचाई कम होने की घटना पर एयर इंडिया ने विस्तृत बयान जारी किया है। एयरलाइन ने कहा कि घटना के बाद विमान ने सामान्य रूप से उड़ान जारी रखी और सुबह 11:07 बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंड किया।
 

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई2379 के उड़ान के दौरान अचानक ऊंचाई कम होने की घटना पर एयर इंडिया ने विस्तृत बयान जारी किया है। एयरलाइन ने कहा कि घटना के बाद विमान ने सामान्य रूप से उड़ान जारी रखी और सुबह 11:07 बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंड किया।

एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, एयरबस ए320नियो विमान में 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे। घटना में 13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हुए, जिन्हें चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

एयरलाइन ने बताया कि मंगलवार शाम 6:50 बजे तक पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों का इलाज जारी है। एयर इंडिया की टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिजनों के लगातार संपर्क में रहकर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

एयर इंडिया ने कहा कि स्थापित सुरक्षा और नियामकीय प्रक्रियाओं के तहत संबंधित नियामक एजेंसियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। एयरलाइन जांच में पूरा सहयोग कर रही है और विमान निर्माता कंपनी को भी इस घटना से अवगत करा दिया गया है।

एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और कुशलक्षेम उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

इससे पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस घटना की विस्तृत जांच शुरू करने की घोषणा की थी। उड़ान के दौरान विमान में कुछ समय के लिए ऊंचाई में बदलाव आया था, जिसके बाद विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। घटना के बाद विमान को हैंगर में भेज दिया गया है और जांच के लिए फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) तथा कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) को सुरक्षित कर लिया गया है।

--आईएएनएस

डीएससी