Aapka Rajasthan

दिल्ली पुलिस ने विकासपुरी में अवैध जुए के अड्डे का किया भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को विकासपुरी में दोमंजिला झुग्गी में चल रहे जुए के एक अवैध अड्डे का भंडाफोड़ किया और चार कथित जुआरियों को पकड़ा। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान जुए से जुड़ा सामान और दांव पर लगी संदिग्ध 74,070 रुपए की रकम भी बरामद की।
 

नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को विकासपुरी में दोमंजिला झुग्गी में चल रहे जुए के एक अवैध अड्डे का भंडाफोड़ किया और चार कथित जुआरियों को पकड़ा। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान जुए से जुड़ा सामान और दांव पर लगी संदिग्ध 74,070 रुपए की रकम भी बरामद की।

पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन 7 जुलाई को तब चलाया गया जब स्पेशल स्टाफ को विकासपुरी के इंदिरा कैंप नंबर 4 से अवैध जुए का रैकेट चलाए जाने की पक्की और भरोसेमंद जानकारी मिली।

इस जानकारी के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में इंस्पेक्टर राजेश मौर्य और एसीपी(ऑपरेशन्स) की अगुवाई में एक टीम बनाई गई।

टीम तुरंत बताई गई जगह पर पहुंची और छापेमारी की। ऑपरेशन के दौरान चार लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए, जबकि 16 अन्य लोग भी वहां मौजूद थे।

पुलिस ने 74,070 रुपए बरामद किए, जिनके बारे में शक है कि यह जुए में दांव पर लगाई गई रकम थी। इसके साथ ही सट्टा पर्चियां, एक चकरी और नंबर चार्ट भी बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल अवैध जुए के लिए किया जा रहा था।

जांच के दौरान, पुलिस ने शाहिद की पहचान जुए के रैकेट के मुख्य आरोपी (किंगपिन) के तौर पर की।

अधिकारियों के अनुसार, शाहिद पहले भी जुए से जुड़े पांच मामलों में शामिल रहा है। उसका साथी अकरम, जुआरियों से दांव की रकम इकट्ठा करने का काम करता था।

छापेमारी के समय शाहिद और अकरम दोनों वहां मौजूद नहीं थे। पुलिस ने कहा कि दोनों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है, साथ ही अवैध जुए के इस काम में उनकी पूरी भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, चार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है। शेखर (24), जो विकासपुरी का रहने वाला है और कथित तौर पर तीन पुराने आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, सचिन (22), जो जेजे कॉलोनी का रहने वाला है और उसके खिलाफ दो पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं, मो. नदीम (31) जो शिव विहार का रहने वाला है और कथित तौर पर एक पुराने आपराधिक मामले में शामिल रहा है और साहिल (19) जो उत्तम नगर का रहने वाला है और उसके खिलाफ भी एक पुराना आपराधिक मामला दर्ज है।

पुलिस ने कहा कि बरामद सामान, जिसमें कैश, सट्टा पर्चियाँ, चकरी और नंबर चार्ट शामिल हैं, उन्हें सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।

रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इलाके में चल रहे अवैध जुए के नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम