Aapka Rajasthan

दिल्ली के उपराज्यपाल ने महरौली में 'विश्व धरोहर सप्ताह' के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने शुक्रवार को महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में 'विश्व धरोहर सप्ताह' के कार्यक्रमों में भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य शहर की सांस्कृतिक विरासत के प्रति नागरिकों के मन में गर्व की भावना को और मजबूत करना है।
 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने शुक्रवार को महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में 'विश्व धरोहर सप्ताह' के कार्यक्रमों में भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य शहर की सांस्कृतिक विरासत के प्रति नागरिकों के मन में गर्व की भावना को और मजबूत करना है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक संदेश में संधू ने लिखा, "दिल्ली की कालजयी विरासत इसके स्मारकों, समृद्ध इतिहास और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं में आज भी जीवित है। मैंने महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में 'विश्व धरोहर सप्ताह' के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसका आयोजन डीडीए ने इंटेक दिल्ली चैप्टर के सहयोग से किया था, जिसमें कई नागरिक और विरासत प्रेमी भी शामिल हुए।"

संधू ने आगे लिखा कि उस्ताद जौहर अली खान के दिल को छू लेने वाले वायलिन वादन से शाम जीवंत हो उठी। इसमें गुरु गोबिंद सिंह जी का शब्द 'मित्र प्यारे नू' भी शामिल था, जिसे उन्होंने बहुत ही भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

उपराज्यपाल ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकास भी, विरासत भी' के विजन से प्रेरित होकर, अपनी धरोहर को सहेजना और दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत के प्रति नागरिकों में गर्व की भावना जगाना बहुत जरूरी है। इससे एक ऐसी राजधानी का निर्माण होगा जो जीवंत हो, अपनी जड़ों से जुड़ी हो और भविष्य की ओर अग्रसर हो।

इससे पहले गुरुवार को, 'विश्व धरोहर सप्ताह' के कार्यक्रमों के तहत, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने हौज खास के डियर पार्क में स्कूली छात्रों के लिए एक 'हेरिटेज वॉक' (विरासत भ्रमण) का आयोजन किया था।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह पहल डीडीए के उन प्रयासों का हिस्सा है, जो उपराज्यपाल टीएस संधू के मार्गदर्शन में राजधानी की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और इसके संरक्षण में लोगों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे हैं।

बयान में कहा गया है कि इस वॉक (पैदल यात्रा) में ग्रीन फील्ड, द बरगद ट्री, इंडियन स्कूल, इंडियन स्कूल (दूसरी शिफ्ट) और ब्लू बेल्स सहित कई स्कूलों के छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इसमें बताया गया है कि वॉक के दौरान छात्रों ने बाग-ए-आलम का गुंबद, काली गुमटी, तोहफे वाला गुंबद और मुंडा गुंबद जैसी प्रमुख इमारतों के साथ-साथ ऐतिहासिक हौज खास टैंक और किले को देखा।

बयान के अनुसार, उन्हें इन जगहों के ऐतिहासिक और वास्तुशिल्प महत्व के बारे में बताया गया और यह भी समझाया गया कि दिल्ली के इतिहास में इनका क्या स्थान है। उन्होंने ऐतिहासिक जल निकायों के पुनरुद्धार और संरक्षण के महत्व को भी समझा, जिससे उन्हें यह बेहतर समझ मिली कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इन बहुमूल्य धरोहरों को बचाकर रखना क्यों जरूरी है।

इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी के बीच शहर की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है।

--आईएएनएस

एमएस/