Aapka Rajasthan

दिल्ली ईवी नीति-2026 को मिली रफ्तार, प्रोत्साहन राशि 7.91 करोड़ रुपए पहुंची

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार की तरफ से वायु प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए प्रयासों का क्रम जारी है। यही वजह है कि 1 जुलाई से अब तक 2,700 से अधिक निवासियों को वाहन खरीद और स्क्रैपिंग प्रोत्साहन के रूप में 7.91 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
 

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार की तरफ से वायु प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए प्रयासों का क्रम जारी है। यही वजह है कि 1 जुलाई से अब तक 2,700 से अधिक निवासियों को वाहन खरीद और स्क्रैपिंग प्रोत्साहन के रूप में 7.91 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई को शुरू होने के बाद से 8 अक्टूबर तक इस नीति के लिए 7,782 प्रोत्साहन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लाभार्थियों को 7.91 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। इनमें से 2,707 लाभार्थियों को खरीद प्रोत्साहन के रूप में 7.61 करोड़ रुपए और 79 लाभार्थियों को स्क्रैपिंग प्रोत्साहन के रूप में 29.50 लाख रुपए दिए गए हैं।

दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) पॉलिसी 2026 के लॉन्च के बाद से अब तक 7,782 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 7,706 दोपहिया वाहनों के लिए हैं।

दिल्ली ईवी पॉलिसी 2026 वायु प्रदूषण से निपटने और स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पॉलिसी के तहत खरीद और स्क्रैपेज पर प्रोत्साहन के साथ-साथ पात्र ईवी पर रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट दी गई है। इससे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बदलाव को गति मिल रही है और एक सतत भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।

इसमें आगे कहा गया कि इस नीति का उद्देश्य खरीद प्रोत्साहन के माध्यम से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने को बढ़ावा देना और नए इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर पात्र वाहनों को स्क्रैप करने के लिए प्रोत्साहित करना है। आवेदन और वितरण के आंकड़े नीति के प्रारंभ होने के बाद प्रारंभिक अवधि के दौरान इन प्रावधानों के कार्यान्वयन का एक संक्षिप्त विवरण प्रदान करते हैं।

प्राप्त 7,782 आवेदनों में से 7,706 दोपहिया वाहनों से संबंधित हैं, जिनमें स्क्रैपिंग प्रोत्साहन के लिए 116 आवेदन शामिल हैं। इस प्रकार, रिपोर्ट की गई श्रेणियों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में दोपहिया वाहनों की संख्या सबसे अधिक है।

बयान में कहा गया कि आवेदन डेटा में 3.5 टन तक के सकल वाहन भार वाले एन1 श्रेणी के ट्रकों से संबंधित छह आवेदन भी शामिल हैं, जिनमें स्क्रैपिंग श्रेणी के अंतर्गत एक आवेदन शामिल है। इसके अतिरिक्त, ई-कारों के स्क्रैपिंग प्रोत्साहन के लिए 70 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

स्क्रैपिंग प्रोत्साहन योजना के तहत 79 लाभार्थियों को राशि का भुगतान किया जा चुका है, जिसकी कुल राशि 29.50 लाख रुपए है। इनमें से दोपहिया वाहन श्रेणी के 55 लाभार्थियों को 5.50 लाख रुपए का स्क्रैपिंग प्रोत्साहन मिला है। इसी योजना के तहत चार पहिया वाहन श्रेणी के 24 लाभार्थियों को 24 लाख रुपए प्राप्त हुए हैं।

बयान में आगे कहा गया कि उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि स्क्रैपिंग प्रोत्साहन योजना से दोपहिया और चार पहिया वाहन दोनों के मालिकों को लाभ हुआ है, हालांकि इस योजना के तहत वितरित राशि में चार पहिया वाहन श्रेणी का हिस्सा अधिक है।

--आईएएनएस

एमएस/