दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रोहिणी में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया
नई दिल्ली, 10 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-29 स्थित उत्तर-पश्चिम जिला कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक उम्र के निष्ठावान वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने रोहिणी सेक्टर-29 में पार्टी की अटूट निष्ठा, समर्पण और निरंतर सेवा के लिए वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें भी साझा की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज उत्तर-पश्चिम जिला कार्यालय में आयोजित 'वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह' में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ सम्मिलित हुई।
इस कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के निष्ठावान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का उनकी निष्ठा, समर्पण और सतत सेवा के लिए कृतज्ञतापूर्वक अभिनंदन किया गया।
उन्होंने कहा कि दशकों तक पार्टी को संगठनात्मक और वैचारिक मजबूती देने वाले इन वरिष्ठ साथियों का तप, त्याग और अनुशासन ही आज भाजपा के विशाल वटवृक्ष का आधार है। उनका मार्गदर्शन और निस्वार्थ सेवा भाव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का पुंज है।
उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार अपने इन कर्मठ कार्यकर्ताओं के अमूल्य योगदान के प्रति सदैव ऋणी है और उनके मान-सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि 27 वर्षों के निरंतर संघर्ष के बाद दिल्ली में भाजपा सरकार का गठन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, धैर्य और संगठनात्मक निष्ठा का परिणाम है।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सांसद योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्रराज सिंह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, जिला अध्यक्ष विनोद सहरावत और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले दिन से हमारी सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म तीनों स्तरों पर एक साथ योजनाबद्ध ढंग से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए ईवी पॉलिसी लाई जा रही है। पेड़ लगाए जा रहे हैं, तो उनकी ट्रैकिंग भी सुनिश्चित की जा रही है। बायोगैस गैस प्लांट और ई-वेस्ट पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, ग्रीन कवर बढ़ाया जा रहा है, और नए इंडस्ट्रियल एरिया विकसित हो रहे हैं।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए हम हर उस क्षेत्र पर फोकस कर रहे हैं, जिसकी वर्षों से अनदेखी होती आई थी। हम दिल्ली को हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए, हम सबकी दिल्ली को बेहतर और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एमएस/
