भाजपा ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि पर राजनीति करने के लिए आम आदमी पार्टी की आलोचना की
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पेट्रोल की कीमतों में आंशिक वृद्धि के संबंध में आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयान उन्हें उपहास का पात्र बना रहे हैं। आम आदमी पार्टी खाड़ी संघर्ष के तेल की कीमतों पर वैश्विक प्रभाव के बारे में लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता शंकर कपूर ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक रुपए की बढ़ोतरी से भी आम नागरिकों को तकलीफ होना स्वाभाविक है, लेकिन देश का हर नागरिक यह समझता है कि यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय तेल की बढ़ती कीमतों का नतीजा है, जिन्हें भारत सरकार ने न्यूनतम स्तर पर बनाए रखने में कामयाबी हासिल की है।
शंकर कपूर ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की समझ नहीं है, अगर आप नेताओं ने थोड़ी सी भी रिसर्च की होती तो उन्हें पता होता कि भारतीय मुद्रा के हिसाब से न्यूयॉर्क में पेट्रोल 105 रुपए प्रति लीटर और मॉस्को में 92.50 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। सौरभ भारद्वाज को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अरब देशों, अमेरिका या रूस से भारत द्वारा खरीदा गया तेल सस्ता कैसे पड़ेगा।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के दबाव में आकर रूस से सस्ता तेल खरीदना कम कर दिया है, जिसके चलते देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं।
भारद्वाज ने कहा कि हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है और आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में आम जनता को महंगाई की और बड़ी मार झेलनी पड़ सकती है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत आज अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है। पहले भारत रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर देश को राहत दे रहा था, लेकिन अब अमेरिका के विरोध के कारण ऐसा नहीं हो पा रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार पर अमेरिका का प्रभाव है, जिसका सीधा असर देश की जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार आम लोगों से विदेश यात्रा कम करने और सोना नहीं खरीदने की अपील कर रही है, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव न पड़े, वहीं दूसरी तरफ बड़े उद्योगपति विदेशों में भारी निवेश कर रहे हैं।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी
