Aapka Rajasthan

ऑपरेशन अमिस्ताद : वेनेजुएला में भूकंप पीड़ितों के लिए भारत बना सहारा, लोगों ने जताया आभार

काराकस, 30 जून (आईएएनएस)। वेनेजुएला में आए भयानक भूकंप के बाद भारत ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत जो फील्ड अस्पताल बनाया है, वहां इलाज करा रहे लोगों ने भारतीय मेडिकल टीम का धन्यवाद किया है।
 

काराकस, 30 जून (आईएएनएस)। वेनेजुएला में आए भयानक भूकंप के बाद भारत ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत जो फील्ड अस्पताल बनाया है, वहां इलाज करा रहे लोगों ने भारतीय मेडिकल टीम का धन्यवाद किया है।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को कई वीडियो साझा किए, जिनमें लोग इलाज कराते हुए, अपना अनुभव बताते हुए और भारत की मदद के लिए आभार जताते दिखाई दिए।

एक स्थानीय महिला ने इलाज का अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैं दिल से आपका धन्यवाद करती हूं। पिछले 60 वर्षों में ऐसी मेडिकल देखभाल नहीं देखी।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या अब उनका दर्द कुछ कम हुआ है, तो उन्होंने कहा, "हां, अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रही हूं।"

उन्होंने बताया कि इलाज के बाद भारतीय मेडिकल टीम उनके घर वापस जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर रही है।

महिला ने कहा, "मैं आपका खास तौर पर धन्यवाद करना चाहती हूं। मैं किसी तरह लोगों की मदद से यहां तक पहुंची थी और अब आप लोग हमें घर छोड़ने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर रहे हैं। मैं सच में बहुत आभारी हूं। यहां सब लोग कहते हैं कि धन्यवाद कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हम सब एक ही परिवार हैं। यही सबसे बड़ी बात है। हमारे साथ इतनी शानदार टीम खड़ी है।"

एंबुलेंस में बैठते समय भी उन्होंने वहां मौजूद भारतीय रक्षा कर्मियों का फिर दिल से धन्यवाद किया।

एक दूसरी स्थानीय महिला ने भी भारत की ओर से बनाए गए फील्ड अस्पताल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल इलाके के लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हो रहा है।

जब उनसे इलाज और डॉक्टरों की सलाह के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "हां, मुझे इन दवाइयों के लिए कोई पैसे नहीं देने पड़े। आपकी पूरी मदद के लिए बहुत धन्यवाद। आपने यहां जो अस्पताल बनाया है, उससे स्थानीय लोगों को बहुत फायदा हो रहा है। मैं आपके देश की बहुत आभारी हूं।"

24 जून को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। इन भूकंपों में 1,400 से ज्‍यादा लोगों की जान चली गई और देश के कई हिस्सों में भारी तबाही हुई। इसके बाद भारत ने राहत और बचाव में मदद के लिए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया।

भारत की ओर से भेजी गई राहत सामग्री रविवार को वेनेजुएला पहुंच गई। इस मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत की फील्ड अस्पताल यूनिट, राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण वहां चल रहे राहत कार्यों को और मजबूत करेंगे।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "भारत की सहायता वेनेजुएला पहुंच गई है। हमें भरोसा है कि फील्ड अस्पताल यूनिट, राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण वहां भूकंप के बाद चल रहे राहत कार्यों को और मजबूती देंगे।"

कोटे डी आइवर में भारतीय दूतावास ने भी 'एक्‍स' पर मिशन की जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि भारतीय वायुसेना के दो सी-17 विमान अबिदजान होते हुए वेनेजुएला पहुंचे। इन विमानों में राहत सामग्री, भारतीय सेना की फील्ड अस्पताल टीम और दो 'भीष्म क्यूब' भेजे गए।

दूतावास ने बताया कि टीम में कुल 41 सदस्य हैं, जिनमें नौ डॉक्टर शामिल हैं। टीम आपातकालीन इलाज, गंभीर चोटों का उपचार, जान बचाने वाली सर्जरी और दूसरी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

टीम अपने साथ लगभग छह टन दवाइयां और दूसरी मानवीय राहत सामग्री भी लेकर गई है। इसके अलावा, एक विमान में भारत की 'आरोग्य मैत्री परियोजना' के तहत एक 'भीष्म क्यूब' (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री) भी भेजा गया है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम