कोलकाता: न्यू टाउन इलाके में मिला युवक का सड़ा-गला शव, जांच में जुटी पुलिस
कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के पास न्यू टाउन इलाके में शनिवार को बोरे से लिपटा एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक के चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। इको पार्क थाना पुलिस ने न्यू टाउन के स्वामीजी नगर क्षेत्र से शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान सौरव बिस्वास के रूप में हुई। उसकी उम्र लगभग 32 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर कई टैटू बने हुए हैं। शुरुआती जांच में अनुमान लगाया गया है कि युवक की हत्या दो से तीन दिन पहले की गई थी। शव पर कई चोटों के निशान भी पाए गए हैं।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को मिली है। फुटेज में एक युवक को अपने कंधे पर बोरे में लिपटा शव ले जाते हुए देखा गया है। वह शव को एक खड़ी मोटरसाइकिल के पीछे फेंक देता है और फिर बोरे के ऊपर ईंटें रख देता है, ताकि वह अपनी जगह से न हिले।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक युवक पिछले तीन दिनों से लापता था।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, "करीब सुबह 4:20 बजे युवक का शव यहां लाकर फेंका गया। शव फेंकने वाला युवक कुछ मिनट तक वहां खड़ा रहा और फिर चला गया। अंधेरा होने के कारण उसका चेहरा साफ नहीं दिखा। शव को एक खड़ी बाइक के पीछे बोरे में ढंककर रखा गया था और उसके ऊपर ईंटें रख दी गई थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सुबह करीब 8 बजे शव को बिधाननगर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने बताया कि शव कम से कम तीन से चार दिन पुराना है।"
बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि शव को वहां कौन छोड़कर गया। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि संदिग्ध युवक का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।"
बता दें कि 29 जुलाई को भी न्यू टाउन इलाके में सड़क किनारे स्थित एक खाने-पीने की दुकान से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। इस घटना से राम मंदिर क्षेत्र में काफी हलचल मच गई थी।
वहीं, 23 जुलाई को कोलकाता के उत्तरी बाहरी क्षेत्र दमदम पार्क में भी पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था। उसका शव दमदम पार्क में एक रेलिंग से लटका हुआ मिला था।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
