मिजोरम में किशोरी की हत्या मामले में चचेरे भाई समेत दो गिरफ्तार, 18 दिन बाद एसआईटी को मिली सफलता
आइजोल, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मिजोरम के लुंगलेई जिले में 15 वर्षीय किशोरी की कथित हत्या के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने 18 दिन बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय डेंगहमिंगथांगा और 34 वर्षीय लालनेइहकिमा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी और पीड़िता लुंगलेई जिले के मुआलथुआम नॉर्थ गांव के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों में डेंगहमिंगथांगा मृतक किशोरी का चचेरा भाई बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोरी 3 अगस्त को अपने घर से लापता हो गई थी। दो दिन बाद, 5 अगस्त को उसका शव गांव के सरकारी स्कूल परिसर के भीतर झाड़ियों में मिला था। घटनास्थल के पास से पुलिस ने दो चाकू भी बरामद किए थे।
घटना के तुरंत बाद लुंगलेई पुलिस थाने में मामला दर्ज कर एसआईटी का गठन किया गया। जांच टीम का नेतृत्व लुंगलेई के सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ने किया।
जांच के दौरान एसआईटी ने दोनों आरोपियों समेत कई लोगों से पूछताछ की। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पहले भी कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, एसआईटी ने मोबाइल फोन के इस्तेमाल के पैटर्न, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर दोनों पर संदेह गहराया।
अधिकारी ने बताया कि लंबी पूछताछ और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद दोनों आरोपियों ने एसआईटी के सामने हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया।
दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि एसआईटी अभी हत्या के कारण और पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मिजोरम पुलिस ने लोगों से जांच में सहयोग करने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।
--आईएएनएस
डीएससी
