केरल: सीएम पिनराई विजयन ने राहुल गांधी के आरोप का किया खंडन, कांग्रेस को भाजपा की 'बी-टीम' बताया
तिरुवनंतपुरम, 26 मार्च (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता ऐतिहासिक रूप से 'भाजपा की बी-टीम' के रूप में काम करते रहे हैं। साथ ही उन्होंने राज्य में 'कम्युनिस्ट जनता पार्टी' यानी कथित सीपीआई (एम)-भाजपा गठजोड़ के आरोपों को खारिज कर दिया।
केरल में भाजपा और सीपीआई (एम) के बीच 'अपवित्र गठबंधन' के बारे में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोप का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि वास्तव में कांग्रेस ही वह पार्टी रही है, जिसने लगातार ऐसे रुख अपनाए हैं, जिससे कई राज्यों में भाजपा का उदय संभव हुआ है।
उन्होंने पार्टी पर भाजपा विरोधी व्यापक गठबंधनों को कमजोर करने और महत्वपूर्ण मोड़ों पर विपक्षी एकता को खंडित करने का आरोप लगाया।
सीएम पिनाराई विजयन ने कहा, "राष्ट्रीय नेता होने के बावजूद राहुल गांधी स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के स्तर पर भी जमीनी हकीकत को नहीं समझते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि वे बार-बार मिली राजनीतिक असफलताओं से सबक लेने में विफल रहे हैं।
उनके अनुसार, राहुल गांधी के राजनीतिक दृष्टिकोण से अक्सर विभिन्न राज्यों में भाजपा को ही फायदा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में हुए घटनाक्रमों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जहां भाजपा ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ कानूनी मामले दर्ज कराए हैं, वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सवाल उठाया था कि जब अरविंद केजरीवाल के मंत्रिमंडल के एक मंत्री को हिरासत में लिया गया था तो केजरीवाल को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि जब अदालतों ने बाद में केजरीवाल को दोषमुक्त कर दिया तो यह घटना न केवल भाजपा बल्कि राहुल गांधी के लिए भी शर्मनाक साबित हुई।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दिल्ली चुनावों में कांग्रेस भाजपा की जीत को रोकने के उद्देश्य से कोई रुख अपनाने में विफल रही, बल्कि उसने आम आदमी पार्टी को निशाना बनाया, जिसके पास चुनावी रूप से जीतने की अधिक मजबूत संभावना थी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी इसी तरह का पैटर्न देखने को मिला, जहां व्यापक गठबंधनों के प्रति कांग्रेस के विरोध के कारण गैर-भाजपा वोटों में विभाजन हुआ, जिससे अंततः भाजपा को फायदा हुआ।
विजयन की ये टिप्पणी राहुल गांधी द्वारा बुधवार को कोझिकोड में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ रैली को दिल्ली से दिए गए वर्चुअल संबोधन के जवाब में आई है।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री विजयन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति 'नरम' रुख अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें ऐसे लाभ मिल रहे हैं जो अन्य गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों को नहीं दिए जाते। उनके बयान से यह संकेत मिलता है कि केरल में सीपीआई (एम) और भाजपा के बीच एक मौन गठबंधन देखने को मिल रहा है।
इन आरोपों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री विजयन ने दोहराया कि ऐसे दावे राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं, जबकि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और वामपंथी दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
--आईएएनएस
डीकेपी/
