Aapka Rajasthan

सड़कों से सोशल मीडिया तक सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाली ताकतों का मुकाबला करें युवा: सुवेंदु अधिकारी

कोलकाता, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे देश के लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक सद्भाव को अस्थिर करने की कोशिश करने वाली ताकतों का सड़कों और डिजिटल प्लेटफॉर्म, दोनों जगहों पर सक्रिय रूप से मुकाबला करें।
 

कोलकाता, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे देश के लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक सद्भाव को अस्थिर करने की कोशिश करने वाली ताकतों का सड़कों और डिजिटल प्लेटफॉर्म, दोनों जगहों पर सक्रिय रूप से मुकाबला करें।

उन्होंने किसी संगठन या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) और विपक्षी दलों के उस विरोध-प्रदर्शन की ओर इशारा करती प्रतीत हुई, जो मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के खिलाफ है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की जा रही है।

मुख्यमंत्री सुवेंदुअधिकारी ने कहा, "जो लोग हमेशा से पारंपरिक हिंदू संस्कृति और रीति-रिवाजों के खिलाफ रहे हैं, वे अब देश के सामाजिक ताने-बाने और लोकतांत्रिक ढांचे को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। ये ताकतें चुनावों में जनता का समर्थन हासिल करने में नाकाम रही हैं। हताशा में वे राज्य में गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। अब इन ताकतों का मुकाबला करना युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। मैं उनसे अपील करता हूं कि वे आगे आएं और ऐसी ताकतों को सामाजिक रूप से (सड़कों पर) और डिजिटल रूप से (सोशल मीडिया के माध्यम से) चुनौती दें।"

वे मंगलवार दोपहर मध्य कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे, जिसमें सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने में युवा पीढ़ी की अहम भूमिका को रेखांकित किया और कहा कि नई सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, "यह सरकार हमारी नहीं, आपकी सरकार है। इसलिए यह सरकार युवा पीढ़ी के प्रति प्रतिबद्ध है।"

मुख्यमंत्री ने पिछली वाम मोर्चा (लेफ्ट फ्रंट) और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि दोनों ही सरकारों का रवैया पारंपरिक हिंदू संस्कृति और धार्मिक प्रथाओं के प्रति शत्रुतापूर्ण था।

वाम मोर्चा के 34 साल के शासन को याद करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि कम्युनिस्ट खुद को नास्तिक मानते थे और उन्होंने 'जय श्रीराम', 'जय बजरंगबली' और 'हरे कृष्ण' जैसे धार्मिक नारों का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की 15 साल की सरकार ने भी हिंदू धार्मिक परंपराओं के प्रति ऐसा ही रवैया अपनाया था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, "पूर्व मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) ने राम मंदिर का खुलकर विरोध किया था और कुंभ मेले को 'मृत्यु कुंभ' बताया था। उनके कार्यकाल के दौरान देवी काली की एक मूर्ति को जेल ले जाने वाली गाड़ी (प्रिजन वैन) में रख दिया गया था।"

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 29 दिसंबर को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भगवद गीता का सामूहिक पाठ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत इस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी