Aapka Rajasthan

कर्नाटक सरकार ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हम्पी के लिए एक्शन प्लान बनाने के दिए निर्देश

बेंगलुरु, 13 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक पर्यटन विभाग ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हम्पी में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘क्लीन एंड ग्रीन हम्पी’ अभियान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
 

बेंगलुरु, 13 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक पर्यटन विभाग ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हम्पी में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘क्लीन एंड ग्रीन हम्पी’ अभियान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

पर्यटन मंत्री के.जे. जॉर्ज ने कहा कि हम्पी में संरक्षण और स्वच्छता सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम्पी को केवल पर्यटन स्थल के रूप में देखने के बजाय उसकी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसे स्वच्छ, हरित और पर्यटक-अनुकूल स्थल के रूप में विकसित करना सरकार का उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि अभियान में आम जनता और पर्यटकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए हम्पी की विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखा जा सके।

पर्यटन सचिव राम प्रसाद मनोहर ने हम्पी में स्वच्छता, पर्यटक सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण की स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यह पहल पर्यटन एवं ऊर्जा मंत्री के.जे. जॉर्ज के निर्देशों के बाद शुरू की गई है।

मनोहर ने हम्पी विकास प्राधिकरण और विजयनगर के उपायुक्त को पर्यटकों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी ऐतिहासिक धरोहर स्थल की स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं हो सकती।

अधिकारियों को पर्यटकों और आगंतुकों को स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने वाले जागरूकता कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

हम्पी विकास प्राधिकरण को पूरे विरासत क्षेत्र में स्वच्छता और रखरखाव के लिए एक व्यापक एजेंसी नियुक्त करने की निविदा प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। यह एजेंसी विरासत स्थल के विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थित सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी।

हम्पी विश्व धरोहर क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (एचडब्ल्यूएचएएमए) की सीमा में प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाना और ऐतिहासिक संरचनाओं तथा प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करना है।

मनोहर ने विजयनगर के उपायुक्त और एचडब्ल्यूएचएएमए के अध्यक्ष को विरुपाक्ष मंदिर के पास स्थित शौचालय परिसर की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। पर्यटकों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली स्वच्छता सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

बढ़ती पर्यटकों की संख्या और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत को देखते हुए उपायुक्त से ‘हम्पी नूक प्रोजेक्ट’ के तहत नए शौचालय परिसर के निर्माण का प्रस्ताव भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।

मनोहर ने कहा कि हम्पी कर्नाटक के सबसे महत्वपूर्ण विरासत स्थलों में से एक है और इसकी स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, “हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ‘क्लीन एंड ग्रीन हम्पी’ को केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि ऐसी जन मुहिम बनाया जाए जिसमें पर्यटक और आम जनता सक्रिय रूप से भाग लें। स्वच्छता, प्लास्टिक नियंत्रण और बुनियादी ढांचे के रखरखाव को शामिल करते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू किया जाएगा।”

बैठक में पर्यटन विभाग के आयुक्त शिवप्रसाद पी.आर., विजयनगर की उपायुक्त कविता एस. मणिकेरे, एचडब्ल्यूएचएएमए और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हिस्सा लिया।

--आईएएनएस

डीएससी