Aapka Rajasthan

कोलकाता एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 1.14 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा बरामद

कोलकाता, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सतर्क जवानों ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक जाने वाले दो यात्रियों के हैंड बैगेज से लगभग 1.14 करोड़ रुपए मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की है।
 

कोलकाता, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सतर्क जवानों ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक जाने वाले दो यात्रियों के हैंड बैगेज से लगभग 1.14 करोड़ रुपए मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की है।

यह बरामदगी 19 अक्टूबर को सुबह करीब 10:20 बजे अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के सुरक्षा जांच क्षेत्र में नियमित स्क्रीनिंग के दौरान हुई। सीआईएसएफ के एक स्क्रीनर को एक्स-रे जांच के दौरान दोनों यात्रियों के बैग में संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। दोनों यात्री भूटान एयरलाइंस की फ्लाइट बी3700 से बैंकॉक जाने वाले थे। इसके बाद उनके बैग की विस्तृत जांच की गई।

तलाशी के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों ने दोनों बैगों के अंदर बने नकली (फॉल्स) हिस्सों में छिपाकर रखे गए 1,19,900 अमेरिकी डॉलर बरामद किए, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 1,13,64,002 रुपए है। विदेशी मुद्रा को अखबार में लपेटकर छिपाया गया था, ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके।

बरामद राशि में से 74,900 अमेरिकी डॉलर एक यात्री के हैंड बैगेज से मिले, जबकि 45,000 अमेरिकी डॉलर दूसरे यात्री के बैग से बरामद किए गए।

सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों यात्रियों और जब्त विदेशी मुद्रा को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट को सौंप दिया गया।

20 अक्टूबर को जिस यात्री के बैग से 74,900 डॉलर बरामद हुए थे, उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एआईयू/कस्टम अधिकारियों ने जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया। वहीं दूसरे यात्री को उसके बैग से बरामद 45,000 डॉलर के संबंध में डिटेंशन रसीद जारी करने के बाद छोड़ दिया गया।

सीआईएसएफ ने एक बयान में कहा कि वह प्रभावी स्क्रीनिंग, सतर्क निगरानी और अपने कर्मियों के पेशेवर व्यवहार के जरिए विमानन सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों के अनुसार, यह मामला दर्शाता है कि वित्तीय और विदेशी मुद्रा से जुड़े संभावित उल्लंघनों को रोकने में हवाई अड्डा सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम विभाग के बीच समन्वित कार्रवाई कितनी महत्वपूर्ण है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी