विजयवाड़ा सरस मेला पहुंचे चीन के राजदूत शू फेइहोंग, महिला उद्यमियों के उत्पादों की सराहना की
विजयवाड़ा, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने अपनी पत्नी तान युक्सिउ और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ रविवार को यहां पुनामी घाट पर आयोजित राष्ट्रीय सरस मेला-2026 का दौरा किया।
पांच सदस्यीय चीनी प्रतिनिधिमंडल में शू फेइहोंग, तान युक्सिउ, मंत्री सलाहकार झोउ गुओहुई, द्वितीय सचिव गुओ डोंगडोंग और राजदूत के सचिव ली अन्नान शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत 16 से 18 अक्टूबर तक एनटीआर जिले के दौरे पर है। इस दौरान राजदूत ने अपनी पत्नी और टीम के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल ने महिला उद्यमियों से बातचीत की, उनके उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और उनके उत्पादों को खरीदकर उनका उत्साह बढ़ाया।
राजदूत ने ग्रामीण महिला उद्यमियों की उल्लेखनीय प्रगति और देशभर की महिलाओं द्वारा प्रदर्शित उद्यमशीलता कौशल पर प्रसन्नता और सराहना व्यक्त की।
उन्होंने उत्पादों के विकास और विपणन में उनकी पहल, रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना की, जो स्वयं सहायता समूह आंदोलन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आर्थिक सशक्तीकरण को दर्शाता है।
इस दौरे ने ग्रामीण महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय रूप से निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने और एसएचजी उद्यमियों को अपने बाजार का विस्तार करने के अवसर प्रदान करने के लिए एक मंच के रूप में राष्ट्रीय सरस मेले के महत्व को उजागर किया।
राष्ट्रीय सरस मेला-2026 का आयोजन 17 से 30 अक्टूबर तक विजयवाड़ा के पुनामी घाट पर किया जा रहा है, जो ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने, ग्राहकों से जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 15 अक्टूबर को सरस मेले का उद्घाटन किया था।
सरस मेला (सेल ऑफ आर्टिकल्स ऑफ रूरल आर्टिसन सोसाइटी) का आयोजन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय और आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
मेले में देश भर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों के 600 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।
--आईएएनएस
केके/एबीएम
