दीपावाली से पहले चेन्नई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, शॉपिंग सेंटरों पर ड्रोन और वॉचटावर से हो रही निगरानी
चेन्नई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने 8 नवंबर को आने वाली दिवाली के मद्देनजर शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजामों की घोषणा की है। त्योहार की खरीदारी की भीड़ के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, निगरानी ड्रोन, अस्थायी वॉचटावर और मोबाइल पेट्रोल यूनिट तैनात किए गए हैं।
सिटी पुलिस कमिश्नर ए. अमलराज ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, अपराध रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था पर खास ध्यान देने का निर्देश दिया है। यह निर्देश विशेष रूप से टी. नगर, पुरासावलकम, वाशरमेनपेट और फ्लावर बाजार जैसे व्यस्त इलाकों के लिए दिए गए हैं।
संभावित भीड़ को संभालने के लिए सिटी पुलिस के विभिन्न विभागों, आर्म्ड रिजर्व, तमिलनाडु स्पेशल पुलिस और होम गार्ड्स के जवानों को तैनात किया जाएगा।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, महत्वपूर्ण जगहों पर 25 अस्थायी वॉचटावर बनाए गए हैं। इनमें टी. नगर में 10, किलपौक और फ्लावर बाजार में 4-4, वाशरमेनपेट और ट्रिपलिकेन में 2-2, और अड्यार में 1 वॉचटावर शामिल है। इन टावरों पर दूरबीन से लैस पुलिसकर्मी लोगों की आवाजाही पर नजर रखेंगे।
पुलिस ने खरीदारों की मदद करने, सीसीटीवी फुटेज की निगरानी करने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और बिछड़े बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने के लिए 12 अस्थायी कंट्रोल रूम और 37 हेल्प डेस्क भी बनाए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक इलाकों में 7 ड्रोन और 100 बॉडी-वर्न कैमरे (शरीर पर पहने जाने वाले कैमरे) तैनात किए जाएंगे। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी (जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल हैं) खरीदारों के बीच मौजूद रहेंगे, ताकि संभावित अपराधियों की पहचान की जा सके और चोरी या चेन-स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
66 पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों की सुरक्षा से जुड़ी घोषणाएं की जाएंगी, जबकि एलईडी स्क्रीन पर अपराध रोकने के संदेश और जरूरी सावधानियों से जुड़ी जानकारी दिखाई जाएगी। पुलिस ने खरीदारों को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल फोन, नकदी, गहने और अन्य कीमती सामानों का ध्यान रखें और उन्हें सुरक्षित रखें।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
