पवन खेड़ा मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी पुलिस : असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा
गुवाहाटी, 13 मई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के मामले में पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी। उन्होंने कहा कि अगर खेड़ा जांच में पूरा सहयोग करते रहे तो जांच तय समय में पूरी कर ली जाएगी।
सरमा ने कहा, ''सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार बुधवार को पवन खेड़ा जांच टीम के सामने पेश हुए। पुलिस उनसे सवाल पूछेगी। हम तय समय के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की कोशिश करेंगे।''
उन्होंने कहा कि जांच की रफ्तार इस बात पर निर्भर करेगी कि पवन खेड़ा कितना सहयोग करते हैं। अगर सहयोग जारी रहा तो अंतिम चार्जशीट जल्दी दाखिल की जा सकेगी, लेकिन सहयोग नहीं मिलने पर समय लग सकता है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव से पहले पवन खेड़ा ने उनकी पत्नी से जुड़े जो दस्तावेज पेश किए थे, विदेश मंत्रालय की जांच में वे फर्जी पाए गए। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां चुनाव के दौरान कथित फर्जी दस्तावेज दिखाने और फैलाने को लेकर खेड़ा से पूछताछ करेंगी।
सरमा ने कहा कि जांच पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रही है और राज्य सरकार इस मामले को जल्द खत्म करना चाहती है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बुधवार को इस मामले में पूछताछ के लिए गुवाहाटी क्राइम ब्रांच दफ्तर पहुंचे और जांच में सहयोग किया।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने पवन खेड़ा को अग्रिम जमानत दी थी और गिरफ्तारी से राहत देते हुए जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था।
क्राइम ब्रांच दफ्तर के बाहर मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में खेड़ा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और वे कानून का पालन करेंगे।
यह मामला मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पवन खेड़ा ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उनके पास कई विदेशी पासपोर्ट हैं और विदेशों में आर्थिक हित जुड़े हुए हैं।
एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराएं लगाई गई हैं। इनमें चुनाव से जुड़े गलत बयान, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल, अपमान और मानहानि जैसी धाराएं शामिल हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
