चंद्रबाबू और पवन कल्याण की अपील, पीएम मोदी के साथ खड़े हों लोग, वही बनाएंगे भारत को नंबर-1
भोगापुरम, 1 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की आलोचनाओं के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने शनिवार को लोगों से पीएम मोदी के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि वही भारत को विकसित देश बना सकते हैं।
चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के लिए 'आशीर्वाद' और दुनिया के 'सबसे बड़े नेता' बताते हुए लोगों से उनके नेतृत्व की रक्षा करने का आग्रह किया।
पवन कल्याण ने कहा कि भारत में पीएम मोदी से बड़ा कोई नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें जब तक चाहें सत्ता में बने रहना चाहिए।
भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और जन सेना पार्टी (जेएसपी) के नेता पीएम मोदी के समर्थन में सामने आए। वे विजयनगरम जिले के भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान आयोजित सार्वजनिक सभा में पीएम मोदी के साथ मंच पर मौजूद थे।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "नरेंद्र मोदी सही समय पर, सही जगह पर सही इंसान हैं। देश को उनका नेतृत्व मिला है, यह सौभाग्य की बात है। मैं पूरे देश से अपील करता हूं कि एक ही बात सोचें, उनके बिना हम 2047 की कल्पना नहीं कर सकते।"
टीडीपी प्रमुख ने पीएम मोदी को दुनिया का सबसे बड़ा नेता बताया और कहा कि दुनिया भर में उनका सम्मान है। हम सभी को उनके साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से खड़े होकर समर्थन दिखाने को कहा।
नायडू ने कहा कि पूरी दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में संकट है और नए नेता खोजे जा रहे हैं। भारत खुशनसीब है कि उसे नरेंद्र मोदी जैसा नेता मिला है।
उन्होंने कहा कि दुनिया आईटी से एआई की तरफ बढ़ गई है। सही ज्ञान उपलब्ध है। सही तकनीक परिपक्व हो रही है, लेकिन उसे लागू करने के लिए नेता चाहिए। लोकतांत्रिक देश संकट झेल रहे हैं और नए नेता तलाश रहे हैं। भारत भाग्यशाली है। यहां परखा हुआ नेतृत्व है। 25 साल से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने असाधारण काम किया है।
टीडीपी प्रमुख ने पीएम मोदी को लोकतांत्रिक दुनिया का एकमात्र ऐसा नेता बताया जिसके पास ज्ञान और तकनीक है। उन्होंने कहा कि उनमें 144 करोड़ लोगों को साथ लेकर देश को आगे ले जाने की क्षमता है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल की तुलना करके देखिए। शानदार रिकॉर्ड है, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर है। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि दुनिया में सबसे ज्यादा डिजिटल लेनदेन अमेरिका या चीन में नहीं, भारत में हो रहे हैं। यह नरेंद्र मोदी जी का बड़ा काम है।
मुख्यमंत्री ने जनधन और जेएएम (जनधन-आधार-मोबाइल) के जरिए वित्तीय समावेशन का जिक्र किया। उन्होंने इसे ऐतिहासिक आंदोलन बताया और कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी के जरिए बिना भ्रष्टाचार के आखिरी व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
नायडू ने बुनियादी ढांचे के विकास, हाई-स्पीड ट्रेन, ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन, बंदरगाहों, मेट्रो और ग्रीन एनर्जी का भी जिक्र किया।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वे पहली बार 1978 में विधायक और 1980 में मंत्री बने, लेकिन पीएम मोदी जैसा नेता कभी नहीं देखा जिसके पास इतनी स्पष्टता हो और जिसका एक ही एजेंडा 'राष्ट्र प्रथम' हो।
उन्होंने यह भी कहा कि मध्य पूर्व में संघर्ष और पर्यावरण असंतुलन के कारण बारिश कम होने जैसी समस्याओं के बावजूद पीएम मोदी ने स्थिति को प्रभावी ढंग से संभाला और लोगों को कम परेशानी हुई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पीएम के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा से उन्हें दुख हुआ। पीएम मोदी के लिए इस्तेमाल किए गए अपशब्दों से उनकी आंखें भर आईं।
पवन कल्याण ने पूछा, "नई पीढ़ी को उनके संघर्ष के बारे में क्या पता है?" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए एक दिन की छुट्टी लिए बिना मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "जब मैंने उनके खिलाफ आलोचना सुनी तो प्रधानमंत्री से एक ही बात कहना चाहता था: भारत में आपसे बड़ा कोई नेता नहीं है, न होगा। देश चलाना भगवान राम का दिव्य काम करने जैसा है। हमें सोचना चाहिए कि हम उनके लिए 'हनुमान' बनकर क्या कर सकते हैं"।
अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण ने कहा कि जब एक परिवार चलाना भी मुश्किल होता है, तो पीएम मोदी 140 करोड़ लोगों का देश चला रहे हैं और बाहरी और अंदरूनी दुश्मनों से भी निपट रहे हैं।
पीएम के गाली देने वालों को माफ करने वाले बयान का जिक्र करते हुए पवन कल्याण ने कहा कि इससे उनके चरित्र का पता चलता है।
जन सेना नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी जब तक चाहें सत्ता में बने रहें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने माता-पिता को सलाह दी कि 25 साल से कम उम्र के बच्चों को अच्छे संस्कार सिखाएं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाएं।
--आईएएनएस
एएमटी/पीएम
