केंद्र ने तीन हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाने की दी मंजूरी
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुनीता अग्रवाल, दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाने की मंजूरी दे दी है।
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत से विचार-विमर्श के बाद तीनों मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया है।
ये नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से तीनों मुख्य न्यायाधीशों को शीर्ष अदालत में पदोन्नत करने की सिफारिश के कुछ दिनों बाद हुई हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा था, "28 सितंबर 2026 को हुई बैठक में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की सिफारिश की है।"
कॉलेजियम ने गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुनीता अग्रवाल के नाम की सिफारिश की थी, जिनका मूल हाईकोर्ट इलाहाबाद है। इसके अलावा दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय के नाम की सिफारिश की गई थी, उनका मूल हाईकोर्ट भी इलाहाबाद है। वहीं, तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह का मूल हाईकोर्ट झारखंड है।
जस्टिस सुनीता अग्रवाल का जन्म 30 अप्रैल 1966 को हुआ था। उन्हें 21 नवंबर 2011 को इलाहाबाद हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद वह 23 जुलाई 2023 को गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश बनीं।
जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय का जन्म 16 जून 1965 को हुआ था। उन्हें 21 नवंबर 2011 को इलाहाबाद हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 6 अगस्त 2013 को वह स्थायी न्यायाधीश बने। वह 28 मार्च 2023 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के वरिष्ठ न्यायाधीश बने।
इसके बाद जस्टिस उपाध्याय को बॉम्बे हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया और उन्होंने 29 जुलाई 2023 को शपथ ली। बाद में उनका तबादला दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया, जहां उन्होंने 21 जनवरी 2025 को पद की शपथ ली।
जस्टिस अपरेश कुमार सिंह का जन्म 7 जुलाई 1965 को हुआ था। उन्हें 24 जनवरी 2012 को झारखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 16 जनवरी 2014 को वह स्थायी न्यायाधीश बने थे।
वह 20 दिसंबर 2022 से 19 फरवरी 2023 तक झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहे। इसके बाद उन्होंने 17 अप्रैल 2023 को त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। बाद में उनका तबादला तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया, जहां उन्होंने 19 जुलाई 2025 को शपथ ली।
तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या और बढ़ेगी। केंद्र सरकार ने इस साल की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या बढ़ाकर भारत के मुख्य न्यायाधीश के अलावा 37 कर दी थी।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
