यमन के पास अदन की खाड़ी में कार्गो जहाज हाईजैक, यूकेएमटीओ ने जारी की चेतावनी
लंदन, 28 नवंबर (आईएएनएस)। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि शनिवार को यमन के पास अदन की खाड़ी में हथियारबंद लोगों ने एक मालवाहक जहाज का अपहरण कर लिया।
यूकेएमटीओ के अनुसार, जहाज के कप्तान ने बताया कि सुबह 06:30 जीएमटी पर कुछ हथियारबंद लोग जहाज पर चढ़ गए और उस पर कब्जा कर लिया। यह घटना यमन के बलहाफ तट से लगभग 64 समुद्री मील (करीब 119 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में हुई।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यूकेएमटीओ ने कहा कि संबंधित एजेंसियां इस घटना की जांच कर रही हैं। साथ ही क्षेत्र में मौजूद सभी जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत यूकेएमटीओ को देने की सलाह दी गई है।
अदन की खाड़ी बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के जरिए लाल सागर (रेड सी) से जुड़ी हुई है और एशिया और यूरोप के बीच समुद्री व्यापार का एक बेहद महत्वपूर्ण मार्ग मानी जाती है। पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र और आसपास के समुद्री इलाकों में कई व्यापारिक जहाजों पर हमले और अपहरण की घटनाएं सामने आई हैं। इसी महीने की शुरुआत में भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे में फंसे मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' के सभी 20 चालक दल के सदस्यों को सफलतापूर्वक बचाया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि यह अभियान मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर अरब सागर में चलाया गया था और इसे बेहद सुनियोजित तरीके से 48 घंटे के भीतर अंजाम दिया गया।
दो नवंबर को हुए इस ऑपरेशन में भारतीय नौसेना ने जहाज का पता लगाया, उसे रोका और भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित छुड़ा लिया। सफल मिशन के लिए भारतीय नौसेना को बधाई देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि इस अभियान ने नौसेना की उच्च स्तर की तैयारी और समुद्री खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता को साबित किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं भारतीय नौसेना को बधाई देता हूं, जिसने 2 नवंबर 2026 को अरब सागर में मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी पर समुद्री लुटेरों के कब्जे में फंसे मछली पकड़ने वाले जहाज अजिनी के सभी 20 चालक दल के सदस्यों को बचाने के लिए 48 घंटे का सुनियोजित अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।"
उन्होंने आगे कहा, "भारतीय नौसेना ने तेजी से जहाज की पहचान की, उसे रोका और भारतीय वायुसेना की समय पर मिली मदद के साथ भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से चालक दल और जहाज को सुरक्षित मुक्त कराया। यह भारतीय नौसेना की उच्च तैयारी और पूरे क्षेत्र में समुद्री खतरों का मजबूती से सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।"
अदन की खाड़ी में ताजा हाईजैकिंग की घटना ने एक बार फिर इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जहां दुनिया के बड़े हिस्से का समुद्री व्यापार होकर गुजरता है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
