असम कैबिनेट का जून में विस्तार, गुटबाजी या दबाव नहीं : हिमंता बिस्वा सरमा
गुवाहाटी, 13 मई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को संकेत दिया कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार अब जून के पहले सप्ताह में हो सकता है। पहले विधानसभा सत्र होगा और उसके बाद वह दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में सरमा ने कहा कि असम विधानसभा का सत्र 21 मई से शुरू होकर 26 मई तक चलेगा। इसके बाद वह संगठन से जुड़े कार्यक्रमों और कैबिनेट पर चर्चा के लिए नई दिल्ली जाएंगे।
उन्होंने कहा, ''विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद मैं दिल्ली जाऊंगा। इसलिए मुझे लगता है कि मंत्रिमंडल विस्तार जून के पहले सप्ताह में ही संभव होगा।''
मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि भाजपा विधायकों की ओर से मंत्री बनने के लिए किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जा रहा है। मुझे नहीं लगता कि इस समय कोई विधायक मंत्री बनने की कोशिश कर रहा है। कम से कम किसी ने मुझसे इस बारे में बात नहीं की है।
सरमा ने कहा कि भाजपा में मंत्री पद को लेकर गुटबाजी या दबाव की राजनीति को बढ़ावा नहीं दिया जाता।
उन्होंने बताया कि सरकार ने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों पर काम शुरू कर दिया है। इसमें दो लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से जुड़े कदम शामिल हैं।
सरमा ने कहा, ''लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए हमने अपने वादों पर काम शुरू कर दिया है। आज आपने दो लाख सरकारी नौकरियों और यूसीसी से जुड़े कैबिनेट फैसले देखे। हमने भाजपा के घोषणापत्र को सरकार चलाने का आधार बनाया है।''
उन्होंने कहा कि सरकार घोषणापत्र के सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी और जनता को यह मजबूत संदेश देगी कि किए गए वादे निभाए जाएंगे।
मंगलवार को गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंता बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
